अमिताभ श्रीवास्तव
भारत में ही ऐसा नहीं होता विदेशों में भी सड़क दुर्घटना होती है और मौतें हो जाती हैं। मगर खबर बनती है सेलिब्रेटी की। यूं प्रतिदिन सैकड़ों हादसे होते रहते हैं। अब देखिए न फुटबॉल की एक दिग्गज महिला खिलाड़ी राफाएला डेल बिआंची की कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वो अभी केवल २७ वर्ष की थीं और कार के पलट जाने से उनकी मौत हो गई। यह दुर्घटना ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के वैâम्पिनास में लिक्स दा कुन्हा राजमार्ग पर हुई थी। साओ पाउलो सार्वजनिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, दुर्घटना के समय कंटेंट निर्माता ने सीट बेल्ट नहीं पहनी हुई थी। यानि यातायात नियमों का उल्लंघन करोगे तो दुर्घटना के चांस बढ़ जाएंगे। यह इस घटना के बाद और अधिक ढंग से एक सशक्त उदाहरण बना है। क्योंकि डेल बिआंची अपने एक मित्र के साथ गाड़ी चला रही थीं। मित्र ने सीट बेल्ट बांध रखा था लिहाजा उसे मामूली चोट पहुंची और वो बच गई। फुटबाल खिलाड़ी तथा एक इन्फ्लुएंसर डेल ने इंस्टाग्राम पर दुर्घटना के कुछ घंटे पहले फोटो और वीडियो पोस्ट की थी जो एक नाइट क्लब से लौट रही थी। उसके २९,००० से अधिक फॉलोअर्स थे, जहां वह अपनी जिम दिनचर्या और अपनी ११ वर्षीय बेटी जूलिया के साथ जीवन के बारे में सामग्री साझा करती थीं। मगर अब केवल एक याद बन कर रह गई हैं। उसकी दुर्घटना सड़क यातायात के नियमों का पालन करने की हिदायत देती है। जिसका पालन ही जीवन के जोखिम को कम करता है।
जेकोविच ने की कोर्ट पर उल्टी
या तो ऐसे मौसम में कोई आयोजन न हो या यदि हों तो खिलाड़ी सारी तैयारी कर मैदान में उतरें अन्यथा टेनिस के महान खिलाड़ी नोवाक जोकोविच जैसी हालत होनी ही है। जी हां जोकोविच ने शंघाई मास्टर्स में यानिक हन्फमैन पर जीत तो दर्ज की मगर इस दौरान कोर्ट पर डीहाइड्रेशन के कारण उल्टी भी कर दी। दरअसल ३० डिग्री सेल्सियस तापमान और ८० प्रतिशत आर्द्रता में लगभग तीन घंटे तक चले मुकाबले के बाद जोकोविच ने विपरीत परिस्थितियों की शिकायत की। ३८ वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी को पहला सेट हन्फमैन से हारने के बाद कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी जो विश्व में १५०वें स्थान पर काबिज क्वालीफायर हैं। मैच जीतने के लिए जोकोविच ने अपनी शरीरिक शक्ति के अतिरिक्त संघर्ष किया जिसका परिणाम यह हुआ कि वो कोर्ट में ही अस्वस्थ हो गए। बीच मैच में २४ बार के ग्रैंड स्लैम विजेता इस खिलाड़ी को कोर्ट के पीछे जाना पड़ा और उल्टी करनी पड़ी। हालांकि वो कोर्ट पर खेलने फिर लौट आए थे। ऐसा कब तक होता इसके बाद तो उन्होंने कोर्ट के किनारे एक कूड़ेदान को खोला और उसमें उल्टी कर दी। जोकोविच की हालत देखकर दर्शक परेशान हो गए। मगर टेनिस के इस जीवट खिलाड़ी ने हार नहीं मानी, वह खेलने लौटा और ४-६, ७-५, ६-३ से जीत हासिल की और अंतिम १६ में पहुंच गए जहां उनका मुकाबला जॉम मुनार से होगा। जोकोविच ने कहा, ‘कोर्ट पर मौजूद हर खिलाड़ी के लिए यह एक जैसा है, लेकिन यह क्रूर है। यह बहुत कष्टदायक है जब दिन-प्रतिदिन ८० प्रतिशत से अधिक आर्द्रता बनी रहती है, विशेषकर खिलाड़ियों के लिए जब वे दिन में गर्मी और धूप में खेल रहे होते हैं, तो यह और भी कष्टदायक होता है।’
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
