गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के लांबा गांव में सोमवार शाम एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां पिछले पांच साल से कैंसर से पीड़ित ४० वर्षीय मेरामण चेतरिया ने कथित तौर पर अपने दो छोटे बच्चों को जहर देकर मार डाला और फिर खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाने के इंस्पेक्टर टीसी पटेल से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार शाम जिले के लांबा गांव में हुई। मेरामण चेतरिया नामक व्यक्ति पिछले पांच साल से कैंसर से पीड़ित था और अपनी मौत को करीब से देख रहा था, इसलिए उसने अपनी जान देने का फैसला किया। वह हमेशा इस बात को लेकर चिंतित रहता था कि उसकी मौत के बाद उसके बच्चों का भविष्य क्या होगा। पुलिस अधिकारी की मानें तो चेतरिया ने गांव में अपने घर पर पहले पांच साल की बेटी और तीन साल के बेटे को जहरीला पदार्थ खिला दिया और फिर खुद भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
