मुख्यपृष्ठनए समाचार‘नागिन बन डसती है बीवी!’

‘नागिन बन डसती है बीवी!’

-पति ने लगाई डीएम से मदद की गुहार

-रात को नागिन बन फुफकारती है पत्नी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक हैरान कर देनेवाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स जिला मजिस्ट्रेट के पास एक अजीबोगरीब शिकायत लेकर पहुंचा। व्यक्ति का दावा है कि उसकी पत्नी ‘नागिन’ बन गई है और इस डर से वो रातों को सो नहीं पाता कि कहीं उसकी पत्नी उसे डस न ले।
दरअसल, महमूदाबाद तहसील के लोधासा गांव के शिकायतकर्ता मेराज ने ४ अक्टूबर को आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक आनंद के सामने अपना दर्द सुनाते हुए अपनी पत्नी पर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी नसीमुन मानसिक रूप से अस्थिर है और वो रातों को नागिन बन न केवल फुफकारती है, बल्कि उसे डराती भी है।
इसके साथ ही मेराज ने दावा किया कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, जिसकी वजह से उसे मदद के लिए जिला प्रशासन से संपर्क करना पड़ा। युवक की बात सुनकर शिकायत निवारण कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए, जबकि जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस को मामले की जांच करने और उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। फिलहाल, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमें एक शिकायत मिली है, जिसमें शिकायतकर्ता ने कहा है कि उसकी पत्नी रात में नागिन बन जाती है और उसे फुफकारती है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
आ चुका है ऐसा ही मामला
मेराज के मुताबिक, वह पत्नी की झाड़-फूंक करवा चुका है, किंतु समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे पहले मार्च महीने में महोबा में भी एक पति ने ऐसी ही शिकायत की थी। पति का दावा था कि उसकी पत्नी रातों-रात नागिन में बदल गई और उसे मारने की कोशिश करने लगी थी।

अन्य समाचार