मुख्यपृष्ठनए समाचारकड़ी धूप में हरियाली का बंटाधार... सूखे पौधों से कल मोदी का...

कड़ी धूप में हरियाली का बंटाधार… सूखे पौधों से कल मोदी का स्वागत करेगी ‘महायुति’!

-बीकेसी के रास्ते पर लगाए गए हजारों मुर्झाए पौधे

द्रुप्ति झा / मुंबई

पिछले तीन वर्षों में राज्य की महायुति सरकार ने मुंबई जैसे शहर की दुर्दशा कर दी है। हर बार मुंबई में पीएम मोदी के आगमन पर उनके रास्ते में आनेवाले फुटपाथों की लीपापोती कर उसे सुंदर दिखाने की कोशिश की जाती है। जंग लगी व बदसूरत चीजें छुपाई जाती हैं। सड़कों पर छोटे-छोटे गड्ढों तक की भरनी की जाती है, लेकिन सिर्फ उसी रास्ते पर ऐसा क्षणिक सौंदर्यीकरण किया जाता है, जिस रास्ते से मोदी का काफिला निकलने वाला होता है। कल मोदी के आगमन पर एयरपोर्ट से बीकेसी के रास्ते पर १२,००० पौधे लगाए गए। मगर कड़ी धूप होने के कारण ये पौधे मुर्झा गए। ऐसे में लोगों का कहना है कि इस बार महायुति सरकार मुर्झाए पौधों से मोदी का स्वागत करनेवाली है।
जंग लगे पतरे छिपाकर होगा मोदी का स्वागत!
पीएम मोदी कल मुंबई आ रहे हैं। ऐसे में जहां से उनका काफिला गुजरेगा, उन रास्तों की बदसूरती को छिपाया जा रहा है। फुटपाथ पर पड़े भंगार को ताडपत्री से छुपाया जा रहा है। मुंबई एयरपोर्ट से बांद्रा की ओर जाने वाले वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के डिवाइडर पर पीएम मोदी के स्वागत में हरे पौधे लगाए गए, जो कड़ी धूप में मुर्झा गए। जंग लगे हुए पतरे को फ्लैक्स से ढककर छिपाया गया है, जहां पर दीवारें गंदी दिखीं, उसको रंग दिया गया और सड़कों को चमकाया गया।
महायुति सरकार वाहवाही लूटने के लिए सिर्फ मोदी के आने पर ही ये काम करती है। चंद दिनों में फिर वही पुराना हाल लौट आता है। बाकी हर रोज उन सड़कों से आम मुंबईकर गुजरते हैं पर इससे फडणवीस सरकार का कोई लेनादेना नहीं है। महायुति राज में मुंबई जैसे शहर में घटिया गुणवत्ता वाले काम यहां की सड़कों पर नजर आते हैं। सड़कों की सफाई कभी-कभार होती है और यहां-वहां पड़े कचरों के बदबूदार ढेर से लोग अक्सर परेशान रहते हैं। मनपा के चुनाव कई साल से लटके पड़े हैं और नगरसेवकों के नहीं होने से आम लोग शिकायत करें भी तो किससे करें। वहीं जब मुंबई में पीएम मोदी का आगमन होता है तो उन्हें इंप्रेस करने के लिए उनके काफिले के रास्ते को चमका दिया जाता है ।

अन्य समाचार