मुख्यपृष्ठनए समाचारसोनभद्र में ऑनर कीलिंग! ...बहन और प्रेमी की भाइयों ने ले ली...

सोनभद्र में ऑनर कीलिंग! …बहन और प्रेमी की भाइयों ने ले ली जान!

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

घर से भागकर प्रेमी के साथ शादी रचाने से नाराज बिहार के पटना निवासी पांच भाइयों ने मिलकर बहन और उसके पति की साजिश के तहत हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों के शव को सोनभद्र के जंगलों में अलग-अलग स्थानों पर फेंक कर फरार हो गए थे। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन की तलाश कर की जा रही है। इस पूरे मामले में यूपी के अलावा गुजरात पुलिस भी छानबीन में जुटी थी। हाथीनाला थाना क्षेत्र के खोखा जंगल में गत 24 सितंबर को एक महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसके सिर में चोट के गहरे निशान मिले। हत्या का केस दर्ज कर पुलिस महिला की शिनाख्त में जुटी थी। इसी बीच छह अक्टूबर को हाथीनाला से आगे दुद्धी के रजखड़ घाटी के जंगल में एक युवक के शव का कंकाल बरामद हुआ। शव को जंगली पशुओं ने नोच खाया था।

डीएनए जांच में यह शव पटना जिले के नौबतपुर निवासी दुक्खन साव के होने की पुष्टि हुई। हाथीनाला से बरामद शव की पहचान उसकी पत्नी मुन्नी देवी के रूप में हुई। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि दुक्खन के अपहरण का केस गुजरात में दर्ज है और वहां की पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सोनभद्र एसपी अभिषेक वर्मा ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह प्रकरण झूठी आन के लिए हत्या का है। दुक्खन गांव की ही मुन्नी को घर से भगाकर गुजरात ले गया था, जहां दोनों ने शादी कर ली थी। इस घटना से मुन्नी के घर वाले काफी क्षुब्ध थे। इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़कर उन्होंने दोनों की हत्या की साजिश रची। इसी के तहत मुन्नी के एक भाई मुन्ना ने दोनों को धूमधाम से शादी कराने का झांसा देकर घर बुलाया। इस पर गुजरात में ही रह रहे मुन्नी के दो भाई उन्हें लेकर ट्रेन से मिर्जापुर तक आए। यहां से सभी पिकअप में सवार होकर पटना अपने गांव जाने लगे। रास्ते में हाथीनाला के पास सुनसान जगह देखकर जंगल में शौच जाने की बात कह कर वाहन रोका और फिर मुन्नी और उसके पति दुक्खन की हत्या कर दी।

वारदात के बाद मुन्नी के शव को खोखा के जंगल में फेंक दिया, जबकि उसके पति दुक्खन का शव थोड़ी दूरी पर रजखड़ घाटी में फेंक दिया था। वारदात में शामिल मुन्ना कुमार (22) व राहुल उर्फ सिद्धार्थ (28) निवासी ग्राम मोतीपुर, थाना नौबतपुर, जिला पटना (बिहार) को हाथीनाला तिराहे से आगे रेणुकूट रोड पर गिरफ्तार किया गया। उसके तीन अन्य भाइयों अवधेश, राकेश और मुकेश की तलाश की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है। यह पूरी कार्रवाई ओबरा सीओ हर्ष पांडेय के नेतृत्व में हाथीनाला के प्रभारी निरीक्षक भैया एसपी सिंह, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश जी चौबे की पुलिस टीम ने की।

अन्य समाचार