-१.७९ लाख नए वोटर्स का नहीं हो पा रहा पंजीकरण
-अक्टूबर २०२४ के बाद चुनाव आयोग ने नहीं कराया ‘एसआईआर’
-ऑनलाइन पोर्टल १.१२.२००६ के बाद की जन्मतिथि नहीं कर रहा स्वीकार
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मनपा चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। मगर इस चुनाव में भी ‘वोट घोटाला’ देखने को मिल रहा है। असल में १८ साल की उम्र पूरी कर चुके लाखों युवा अपना वोट नहीं डाल पाएंगे। इसकी वजह यह है कि जो युवा अक्टूबर २०२४ के बाद १८ वर्ष के हुए हैं, वे इस बार मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करवा पा रहे हैं। चुनाव आयोग ने इस साल एसआईआर (विशेष मतदाता सूची संशोधन) नहीं कराया, जिसके चलते लगभग १.७९ लाख नए मतदाता आगामी चुनाव से वंचित रह जाएंगे।
राज्य के मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले १ अक्टूबर २०२४ को वोटर लिस्ट के लिए कट-ऑफ तय किया था। इसके बाद कोई नया नाम जोड़ने या संशोधन करने की प्रक्रिया नहीं हुई।
युवाओं ने बताई परेशानी
चार ऐसे युवा जिन्होंने हाल ही में १८ वर्ष पूरे किए, उन्होंने मीडिया से अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि वे चुनाव आयोग की वेबसाइट पर बार-बार आवेदन कर रहे हैं, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल १ अक्टूबर २००६ के बाद की जन्मतिथि स्वीकार नहीं कर रहा था। रूपिका सिंह ने बताया, ‘मैंने ऑनलाइन वोटर आईडी के लिए आवेदन किया, लेकिन पोर्टल मेरी जन्मतिथि नहीं ले रहा था. फिर मैं माटुंगा ऑफिस गई, लेकिन वहां भी अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल खुलने पर ही रजिस्ट्रेशन होगा। कई कोशिशों के बाद भी सफलता नहीं मिली।’ एक अन्य युवा ने कहा, ‘मैंने अक्टूबर में १८ साल पूरे किए, लेकिन वेबसाइट मेरी आवेदन स्वीकार ही नहीं कर रही थी। कई बार प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।’
