-शिवसेना, मनसे समेत महाविकास आघाड़ी का मनपा पर जोरदार मोर्चा
सामना संवाददाता / मुंबई
ठाणे मनपा में हो रहे भ्रष्टाचार, अधिकारियों की खुलेआम रिश्वतखोरी, बिल्डरों के लिए जनता के पानी की चोरी, ट्रैफिक जाम, अवैध निर्माणों की भरमार और गुंडाराज को सत्ताधारियों के मिल रहे समर्थन के खिलाफ कल ठाणेकरों का गुस्सा फूट पड़ा। शिवसेना और मनसे द्वारा ठाणे मनपा पर निकाले गए मोर्चे में महाविकास आघाड़ी के साथ हजारों ठाणेकर स्वत: स्फूर्त रूप से शामिल हुए। ‘गली-गली में शोर है, सत्ताधारी चोर है…’, ‘चलो रे चलो, भ्रष्टाचारी सरकार से भिड़ने चलो…’, ‘अन्याय को मिटाने चलो…’, ‘रिश्वतखोर रिश्वतखोर, अधिकारी हरामखोर…’ ऐसे गगनभेदी नारों से पूरा ठाणे गूंज उठा। गडकरी रंगायतन से निकला यह मोर्चा जब ठाणे मनपा पर पहुंचा, तब मनपा मुख्यालय की ओर जानेवाले चारों रास्ते मोर्चे की भीड़ से पूरी तरह ठसाठस भर गए थे।
