मुख्यपृष्ठग्लैमरप्रीतम का म्यूजिकल सफर: उत्तर अमेरिका में बजेगी बॉलीवुड की दिलकश धुनें

प्रीतम का म्यूजिकल सफर: उत्तर अमेरिका में बजेगी बॉलीवुड की दिलकश धुनें

हिमांशु राज

बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार प्रीतम इस अक्टूबर अपने प्रशंसकों के लिए एक खास तोहफा लेकर आ रहे हैं। सिनेमा ऑन स्टेज ने “प्रीतम – ए म्यूज़िकल” नॉर्थ अमेरिका टूर की घोषणा की है, जो संगीत, सिनेमा और जज़्बातों का एक अनोखा संगम होगा। यह कार्यक्रम बॉलीवुड संगीत की आत्मा को मंच पर उतारने जा रहा है, जहां प्रीतम अपने सुपरहिट गीतों को लाइव परफॉर्म करते नज़र आएंगे।

यह टूर दर्शकों को उस जादू से रूबरू कराएगा जिसने सालों से हिंदी फिल्मों को यादगार बनाया है। प्रीतम के साथ इस मंच को सजाएंगे कई प्रसिद्ध गायक जैसे निकिता गांधी, आकासा सिंह, मोहम्मद इरफ़ान, अरुणिता कांजीलाल, नक़ाश अज़ीज़ और शशवत सिंह। इन आवाज़ों के संग प्रीतम की जादुई धुनें थिएटरों में ऐसा माहौल बनाएंगी, जहां हर बीट और हर नोट दर्शकों के दिल को छू जाएगा।

प्रीतम ने कहा कि उनके हर गीत में एक याद छिपी होती है, और जब वह उन्हें लाइव प्रस्तुत करते हैं, तो वे यादें फिर से जीवित हो उठती हैं। उनके मुताबिक, यह टूर सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि उनके और उनके दर्शकों के बीच के भावनात्मक रिश्ते का उत्सव है।

सिनेमा ऑन स्टेज के संस्थापक आनंद दावड़ा ने कहा कि प्रीतम का संगीत दर्शकों के दिलों में खास जगह रखता है। उनका यह टूर ह्यूस्टन, सैन होजे, लॉस एंजेलिस और न्यू जर्सी में आयोजित होगा। टिकटों की जबरदस्त मांग यह साबित कर रही है कि बॉलीवुड का यह सुनहरा संगीत अमेरिका में फिर एक बार गूंजने वाला है।

अन्य समाचार