मुख्यपृष्ठनए समाचारशर्मनाक! अयोध्या में नगर निगम का तालिबानी रवैया!! ... ठेले वाले को...

शर्मनाक! अयोध्या में नगर निगम का तालिबानी रवैया!! … ठेले वाले को धूप में उल्टा लटकाकर पीटा!

– अधिकारियों की गुंडागर्दी देख फूटा लोगों का गुस्सा
– भाजपा राज में क्रूर व्यवहार पर भड़की कांग्रेस
धर्मनगरी अयोध्या में छोटे दुकानदारों के साथ हाल ही में अमानवीय और क्रूर व्यवहार देखने को मिला। जहां नगर निगम के प्रवर्तन दल के अधिकारियों और कर्मचारियों की गुंडागर्दी देखी गई। यहां ८ से १० ठेलेवालों को कड़ी धूप में उल्टा लटकाकर पीटा गया। अधिकारियों की इस दादागीरी को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इसी के साथ ही कांग्रेस ने इस घटना को भाजपा सरकार की तानाशाही करार दिया है।
गौरतलब है कि अयोध्या नगर निगम का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें नगर निगम के प्रवर्तन दल के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कुछ लोगों को प्रताड़ित करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में दिखाया गया है कि नगर निगम के जोनल कार्यालय में ८ से १० युवकों को दीवार के सहारे उल्टा किया गया। कुछ अधिकारी डंडों से उन्हें डराते-धमकाते नजर आए। इस घटना के बाद महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने तत्काल अपर नगर आयुक्त को जांच के आदेश दिए हैं। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अयोध्या नगर निगम के प्रवर्तन दल में भूतपूर्व सैनिक शामिल हैं, जो नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न कार्यों में तैनात हैं।

३ अधिकारी सस्पेंड
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि किसी भी नागरिक के साथ अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच में दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे। इस पूरे मामले पर नगर निगम प्रशासन ने परिवर्तन दल के तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

अन्य समाचार