रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
दीपावली के अवसर पर अंधेरी स्थित सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था ‘अभिषेक’ ने आरे कॉलोनी के आदिवासी बहुल इलाकों में रह रहे परिवारों के बीच खुशियों की रोशनी बाँटी। संस्था की संस्थापिका सुनीता नागरे के नेतृत्व में 19 अक्टूबर को खड़क पाड़ा, नवापाड़ा सहित कई आदिवासी बस्तियों में जाकर जरूरतमंद परिवारों को दीपावली भेंट दी गई।
सुनीता नागरे ने बताया कि दीपावली प्रकाश और आनंद का पर्व है, और जब हम दूसरों के जीवन में खुशियां बाँटते हैं तो इस त्योहार का असली अर्थ साकार होता है। इसी भावना से संस्था की टीम ने आदिवासी परिवारों से मुलाकात कर उन्हें त्योहार में उपयोगी वस्तुएं जैसे रवा, मैदा, शक्कर, गुड़, चावल, खाद्य तेल आदि वितरित किए।
इस सेवा कार्य में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और दानदाताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें मधु कुमार राठी, श्रीमती मीना राठी, डॉ. राधेश्याम गुप्ता, नूतन शिखरे, वल्लभ भाई जवेरी, विनोद जी अग्रवाल, डिज़ाइन लाइफ सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष वेचारे पटेल, और राजकुमार अग्रवाल (नंदन ट्रस्ट) प्रमुख रूप से शामिल थे।
इसके साथ ही स्वयंसेवक प्रसाद मराठे, तनुजा नागरे, वनिता मराठे, नाजिया अंसारी और अभिषेक नागरे ने भी वितरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया। संस्था के इस प्रयास से आरे कॉलोनी के आदिवासी परिवारों में दीपावली की रौनक और बढ़ गई। जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर अभिषेक संस्था ने समाज में ‘खुशियां बांटो, दिल मिलाओ’ का संदेश दिया।
