मुख्यपृष्ठसमाचारआखिर शुरू हुआ कुर्ला स्कायवॉक

आखिर शुरू हुआ कुर्ला स्कायवॉक

मुंबई : कुर्ला (पश्चिम) स्थित टैक्सीमेन कॉलोनी से श्रीकृष्ण चौक तक सीताराम भैरू मार्ग पर निर्मित स्कायवॉक आखिरकार आम नागरिकों के लिए खोल दिया गया है। इस परियोजना को पूरा कराने के लिए आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने लगातार पत्राचार और अनुवर्ती कार्रवाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उनके प्रयासों के चलते परियोजना की प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी सार्वजनिक हुई तथा संबंधित विभागों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

स्कायवॉक शुरू होने से प्रतिदिन हजारों पैदल यात्रियों को राहत मिलेगी। विशेषकर बारिश के मौसम में इस क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या रहती है, जिससे लोगों को सड़क पार करने और आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह स्कायवॉक नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प साबित होगा।

इसके अलावा, पैदल यात्रियों के लिए अलग मार्ग उपलब्ध होने से सड़क पर भीड़ कम होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु बनेगी। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी तथा वाहन चालकों और आम नागरिकों दोनों को राहत मिलेगी। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने मांग की है कि स्कायवॉक के दोनों ओर लगाए गए एस्केलेटर भी जल्द से जल्द चालू किए जाएं, ताकि नागरिकों को इस परियोजना का पूर्ण लाभ मिल सके।

अन्य समाचार