-१४,९०० कैप्सूल किए गए जब्त…‘हर दर्द की दवा’ बताकर दे रहा था चूहे मारने की दवा
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई पुलिस ने भायखला में मुहर्रम जुलूस के दौरान चूहे मारने वाले जहर से भरे १४,९०० कैप्सूल के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को बता रहा था कि यह ‘हर प्रकार के दर्द को जड़ से खत्म करने की दवा है। जुलूस में एक शख्स को कैप्सूल खाने के बाद पेट दर्द और उल्टी होने लगी। पूछताछ में उसने बताया कि एक व्यक्ति से कैप्सूल लेकर खाया था। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया।
आरोपी पुणे का निवासी
आरोपी की पहचान पुणे निवासी फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है, जो पेंट का कारोबार करता है।
हर कैप्सूल में भरा था एक ग्राम जहर!
भायखला में मुहर्रम जुलूस के दौरान बांटे जा रहे हर कैप्सूल में करीब एक ग्राम जहर भरा था। उसने करीब ५० किलो जिंक फॉस्फाइड मंगाया था, जिसका इस्तेमाल चूहे मारने के लिए होता है। वह करीब ३० हजार जहरीले कैप्सूल बनाने की तैयारी में था। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिना किसी अनुमति के ये कैप्सूल बांट और बेच रहा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका निशाना मुहर्रम जुलूस था। ईरान-इराक कनेक्शन की जांच पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी साल २०२५ में ईरान और इराक गया था। इन यात्राओं का उद्देश्य क्या था और क्या इनका इस मामले से कोई संबंध है, इसकी जांच की जा रही है।
