सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा सरकार का प्रशासन पूरी तरह से लापरवाही और अक्षमता का परिचायक बन चुका है। यह सरकार केवल खोखली घोषणाएं करने में आगे है, लेकिन एक भी परीक्षा पारदर्शी तरीके से आयोजित करने में सक्षम नहीं है। नीट पेपर लीक का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि महाराष्ट्र में २८ जून को होने वाली टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ठाणे में लीक होने की खबरें सामने आ रही हैं। इस पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अन्यथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कांग्रेस जल्द ही सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। ऐसी चेतावनी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दी है।
पेपर लीक मामले पर भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि भाजपा सरकार एक भी परीक्षा बिना पेपर लीक के आयोजित नहीं कर पा रही है। सरकार पेपर लीक करने वाले संगठित रैकेट पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल रही है। लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, सपनों और भविष्य को बर्बाद करने वाले इस रैकेट को आखिर किसका राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है? एक ओर जहां सरकार पारदर्शी प्रशासन के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर पेपर लीक का सिलसिला लगातार जारी है। आखिर विद्यार्थी पढ़ाई करें या इस चिंता में रहें कि प्रश्नपत्र पहले से किसके पास पहुंच रहा है? यह पेपर लीक का गंभीर रोग विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों की भी चिंता बढ़ा रहा है, लेकिन सरकार केवल औपचारिक और मामूली कार्रवाई तक ही सीमित है।
इस समस्या का स्थायी और कठोर समाधान निकालना अब अत्यंत आवश्यक हो गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता अली भोजानी ने कहा कि पेपर लीक ईमानदार, प्रतिभाशाली और मेहनती विद्यार्थियों के साथ सीधा अन्याय है। इस पूरे घोटाले की जड़ तक पहुंचकर दोषियों को बेनकाब करना जरूरी है। नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद पूरे देश में भारी आक्रोश देखने को मिला, लाखों विद्यार्थी सड़कों पर उतरे, लेकिन आज तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा नहीं लिया गया। विदेश जाकर महिला प्रधानमंत्री को चॉकलेट बांटने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस गंभीर मुद्दे पर एक शब्द तक नहीं कहा। विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था में पैâल रहे भ्रष्टाचार पर भाजपा सरकार की यह चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
रोहिणी खडसे ने भी बोला हमला
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला प्रदेश अध्यक्ष रोहिणी खडसे ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई नीट पेपर लीक की घटना से सबक लेते हुए टीईटी परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल रही।
