मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा से ही मुंबई अनसेफ!

भाजपा से ही मुंबई अनसेफ!

-सड़कें, पानी, भ्रष्टाचार हैं असली समस्याएं

-विपक्षी नेताओं की चेतावनी ‘फंसोगे तो लुट जाओगे’

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई

मुंबई मनपा चुनाव को लेकर विपक्षी नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। विपक्ष के नेताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा मनपा की ‘सेफ’ यानी तिजोरी पर कब्जा करने के लिए धर्म और संस्कृति के नाम पर जहरीला राजनीतिक खेल खेल रही है। विपक्ष के मुताबिक, भाजपा से ही मुंबई अनसेफ है और उसकी बंटोगे तो कटोगे की रणनीति असल में फूट डालो, मुंबई लूटो की नीति पर आधारित है। विपक्षी नेताओं ने मुंबईवासियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस बार फिर भाजपा की बातों में आए तो आप फंसोगे ही, लूट भी लिए जाओगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुंबई की धर्म या संस्कृति नहीं, बल्कि सड़कें, पानी और भ्रष्टाचार के मुद्दे असली समस्याएं हैं।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड़ ने भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी हर चुनाव में धर्म और जाति के नाम पर विष फैलाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की एक है तो सेफ है और बंटेंगे तो कटेंगे जैसे नारे असल में मुंबई को लूटने की साजिश का हिस्सा हैं। गायकवाड़ ने कहा कि दिवाली जैसे पवित्र त्योहार में भी भाजपा ने राजनीति करने से परहेज नहीं किया। उन्होंने द्वेष की राजनीति को त्योहार के आनंद पर हावी कर दिया। मुंबई की बदहाली पर वर्षा गायकवाड़ ने भाजपा से सवाल पूछे कि सीमेंट कंक्रीट की सड़कों के वादा का क्या हुआ? मानसून पूर्व तैयारी में करोड़ों रुपए कहां हैं? पीएपी और बेस्ट घोटाले में सरकार क्यों डूबी? मुंबईवासियों को पानी क्यों नहीं मिल रहा? फेरीवाला नीति पर अमल क्यों नहीं हो रहा? आज पब्लिक ट्रांसपोर्ट की क्या हालत है? गायकवाड़ ने यह भी सवाल उठाया कि तीन सालों से मनपा चुनाव नहीं हुए, क्या भाजपा मनपा को लूटकर खाली करना चाहती है? उनके बड़े दोस्तों को मुफ्त में कीमती जमीनें क्यों दी जा रही हैं? मिलीभगत से बड़े-बड़े कॉन्ट्रैक्टर मंत्रालय में तय होते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मुंबई के लोगों को मुंबई और उसके विकास के लिए एकजुट होना होगा।
नफरत की फैक्ट्री फिर हुई सक्रिय
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भी भाजपा से मुंबई अनसेफ है, को समर्थन दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा के नफरत की फैक्ट्री फिर सक्रिय हो गई है। दिवाली जैसे पवित्र त्योहार में भी उन्होंने मुंबईवासियों के दिलों में जहर घोलने का काम किया। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने ‘एक्स’ पर कहा कि मुंबईकर झांसे में न आएं। भाजपा मुंबई को बांटकर मनपा की ‘सेफ’ पर कब्जा चाहती है। कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि इस चुनाव में धर्म और भाषा के विवाद नहीं चलने दिए जाएंगे।

अन्य समाचार