मुख्यपृष्ठनए समाचारदीपोत्सव के बाद महंगाई से त्रस्त लोग दीयों से ले जा रहे...

दीपोत्सव के बाद महंगाई से त्रस्त लोग दीयों से ले जा रहे तेल!

-योगी सरकार पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना

सामना संवाददाता / लखनऊ

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या में ९वां दीपोत्सव मनाया, जहां भगवान राम के जीवन पर आधारित २१ प्रसंगों की झांकियां निकलीं, ३डी लाइट शो और २,१२८ अर्चकों ने महाआरती की, साथ ही करीब २६ लाख दिये जलाए गए। अयोध्या में जहां भगवान राम के आगमन पर पूरे शहर को जगमगाया गया, वहीं दीपोत्सव के बाद उन गरीब लोगों की अंधेरी सच्चाई सामने आई, जो हर साल की ही तरह इस बार भी महंगाई की वजह से अपनी दीपावली को `शुभ’ नहीं बना पाए। इसी का एक ताजा उदाहरण हाल ही में देखने को मिला, जहां बढ़ती महंगाई से लोग इतने लाचार एवं त्रस्त हैं कि अपने घरों में दीए जलाने के लिए दीपोत्सव में जलाए गए तेल को बोतलों में भर-भरकर ले गए। जैसे ही दीपोत्सव समाप्त हुआ, सैकड़ों लोग दीयों का तेल बोतलों में भरने लगे। यह दृश्य उत्सव की भव्यता के विपरीत गरीबों के जीवन की कठिनाइयों को उजागर करता है। इसका एक वीडियो जारी कर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलश यादव ने योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
दीपोत्सव के बाद लोगों द्वारा दीयों से तेल इकट्ठा किए जाने की घटना पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, `सच तो ये दृश्य हैं’ उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘सच तो ये दृश्य हैं वो नजारा नहीं, जिन्हें दिखाकर लोग चले गए। रोशनी के बाद का ये अंधेरा अच्छा नहीं! जिस अयोध्या में भगवान राम के लौटने पर पूरे शहर को जगमगाया था, वहीं बाद में जो तस्वीरें सामने आर्इं उनमें दिखाई दिया कि प्रदेश के गरीबों की जिंदगियों में कितना अंधेरा है। उन्होंने योगी सरकार पर खर्च किए गए पैसों की आलोचना की और इसे लोगों के जीवन में निरंतर उजाला लाने के कार्यों पर खर्च करने की सलाह दी। बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को बताया कि इस साल अयोध्या के दीपोत्सव में दो नए विश्व रिकॉर्ड बने। इस दौरान एक ही स्थान पर २६.१७ लाख दीये जलाए गए और २,१२८ लोगों ने एक साथ आरती की। सरकार ने बताया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड
रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने ड्रोन का इस्तेमाल करके दीयों की गिनती की और पुष्टि की। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने एक औपचारिक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज सर्टिफिकेट प्रदान किया।
`दिये जलाकर बुझाने का अधर्म भाजपा राज में हुआ’
अयोध्या दीपोत्सव का एक और वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस के नेता सुरेंद्र राजपुत ने कहा, ‘जलते दिये बुझाना अधर्म है और ये अधर्म भाजपा सरकार कर रही है!’ उनके द्वारा शेयर किए गए वीडियो में सफाई कर्मचारी दीपोत्सव के बाद जलते दियों को झाड़ू से सकेर रहे हैं।

अन्य समाचार