मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा का पारा चढ़ा... शिंदे गुट अड़ा!.. मुंबई मनपा चुनाव में दोनों...

भाजपा का पारा चढ़ा… शिंदे गुट अड़ा!.. मुंबई मनपा चुनाव में दोनों के बीच खटपट तेज

-शिंदे को दरकिनार कर सकती है भाजपा

सामना संवाददाता / मुंबई  

मुंबई मनपा चुनाव में महायुति में शामिल दलों के बीच सीटों के बंटवारे में बड़ा भारी पेंज फंस रहा है। भाजपा खुद सबसे ज्यादा सीटों पर लड़ना चाहती है, जबकि शिंदे गुट ५०-५० सीटों के बंटवारे पर अड़ा है। कहा जा रहा है कि भाजपा १५० सीटों पर लड़ना चाहती है, जबकि वह शिंदे गुट को ६० सीटें देना चाहती है। बाकी सीटें दादा व अन्य के खाते में देने का विचार है। मगर शिंदे गुट के ५०-५० वाले डिमांड पर भाजपा का पारा चढ़ गया है।
बता दें कि मुंबई मनपा चुनाव को लेकर महायुति में जंग छिड़ी नजर आ रही है। इसकी वजह यह है कि भाजपा ने ‘ऑपरेशन १५०’ के तहत अकेले १५० सीटों पर चुनाव लड़ने का नारा दिया है। कुल मिलाकर दोहरी नीति के चलते भाजपा हमेशा की तरह मनपा पर वर्चस्व स्थापित करने के चक्कर में अपने मित्र दलों के ही पर कतरने में जुट गई है। दूसरी तरफ इस तरह से सीट बंटवारे की चर्चाओं ने महायुति में तनाव पैदा कर दिया है, जिसके चलते उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार की आधी रात को ही तत्काल दिल्ली के लिए उड़ान भर दी। ऐसे में अचानक हुआ यह दौरा राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में स्थानीय निकायों के चुनावों की तैयारी शुरू हो गई है। इसकी आहट लगते ही सभी दलों ने मोर्चाबंदी शुरू कर दी है। विशेष रूप से मुंबई महानगरपालिका चुनावों पर सभी का ध्यान केंद्रित हो गया है। इसी क्रम में सत्ताधारियों ने अभी से ही रणनीति बनाना शुरू कर दी है। इस बीच शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के साथ आने से राज्य की राजनीति में नए घटनाक्रम शुरू हो गए हैं। इससे सत्ताधारियों के न केवल होश उड़े हुए हैं, बल्कि वे पूरी तरह से बौखला गए हैं।
शिंदे गुट को डैमेज करने की चाल
केंद्र और राज्य में सत्ता हासिल करने के बाद भाजपा अब मुंबई मनपा पर अकेले कब्जा करने का दिवास्वप्न देख रही है। इसके तहत १५० सीटों पर उम्मीदवार उतारने की योजना बनाई जा रही है। दूसरी तरफ शिंदे गुट को ६० के करीब सीटें देने के लिए भाजपा ने योजना बनाई है। ऐसे में कहा जा रहा है कि इस समीकरण के तहत भाजपा अपने ही सहयोगी शिंदे गुट को डैमेज करने की चाल चल रही है।
नाराज शिंदे दिल्ली गए
इस बीच जानकारी सामने आई है कि भाजपा द्वारा मुंबई मनपा के लिए १५० सीटों का नारा देते ही नाराज उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शुक्रवार की आधी रात को अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शिंदे के दिल्ली दौरे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने सीटों के बंटवारे पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से अपना दुखड़ा रोया है।

अन्य समाचार