-सिख समुदाय पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
सामना संवाददाता / मुंबई
बेतुका बयान देकर विवादों में रहनेवाली बॉलीवुड अभिनेत्री व भाजपा सांसद कंगना राणावत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सिख समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में कोर्ट ने कंगना को समन भेजा है और संबंधित पुलिस स्टेशन में हाजिर होने के लिए कहा है। कंगना के खिलाफ सिख समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सरदार चरणजीत चांडेपाल ने कुर्ला कोर्ट में अर्जी डाली है। अदालत ने अर्जी पर सुनवाई करते हुए सेक्शन-२०२ सीआरपीसी के तहत कंगना को समन जारी करते हुए कहा है कि १४ नवंबर को संबधित पुलिस स्टेशन में हाजिर होकर अपना बयान दर्ज कराएं। इससे पहले अमरजीत सिंह संधू की शिकायत पर कंगना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। खार पुलिस ने २९५ (ए) के तहत कंगना राणावत पर ये मामला दर्ज किया था। भोईवाडा पुलिस स्टेशन में भी एक शिकायत दर्ज की गई थी, जिसमें आईपीसी की सेक्शन १५३, १५३ए, १५३बी, ५०४, ५०५, ५०५(२) और आईटी एक्ट २००० की धारा ७९ के तहत मामला दर्ज किया गया है। । मामले में श्री गुरु सिंह सभा मुंबई ने शिकायत दर्ज कराई थी।
फिल्म बैन करने की मांग
ऑस्ट्रेलिया स्थित एक सिख काउंसिल ने ‘इमरजेंसी’ फिल्म की रिलीज पर बैन की मांग की थी। काउंसिल का मानना था कि मूवी में ऐतिहासिक घटनाओं को गलत तरीके से दिखाया गया है, जो सिख शहीदों की इज्जत पर दाग जैसी साबित हो सकती हैं। उनका कहना है कि ये फिल्म सिख और हिंदुओं के बीच तनाव बढ़ाने का काम करेगी।
