साल २०१६ में साउथ सिनेमा की मेगा फिल्म ‘२.०’ का ग्रैंड लॉन्च इवेंट हो रहा था। यह फिल्म करीब ५७० करोड़ के बजट में बनी थी और मंच पर सुपरस्टार रजनीकांत, अक्षय कुमार, एमी जैक्सन और डायरेक्टर शंकर मौजूद थे। अचानक सबकी नजरें तब ठहर गईं, जब बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान भीड़ के बीच दिखाई दिए। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि सलमान वहां आएंगे, क्योंकि उन्हें बुलाया नहीं गया था। लेकिन सलमान सीधे स्टेज पर पहुंचे और माइक लेकर बोले, ‘मुझे किसी ने नहीं बुलाया, मैं खुद आया हूं, इनसे (रजनीकांत) मिलने।’ उनके इस जेस्चर पर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। रजनीकांत भावुक हो गए और सलमान को गले लगा लिया। सभी ने इस सच्ची इज्जत और प्यार के पल की जमकर तारीफ की।
