अमिताभ श्रीवास्तव
महिला विश्वकप सेमीफाइनल शुरू होना है। टीम इंडिया मुहाने पर है मगर अचानक सामने आए अपने मुंहासे से परेशान है। मुंहासे मतलब दो बड़ी खिलाड़ी चोटिल हो गई हैं जिनके खेलने पर संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। ऐसे में हरमनप्रीत की टीम ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम से वैâसे निपटेगी? इसी टीम ने उसे लीग मैचो में पराजित किया था। अब सेमीफाइनल में फिर से भिड़ंत होनी है। ऑस्ट्रेलिया अब तक एक अजेय टीम है और केवल टीम इंडिया ही है जिसके पास उसके विजयी रथ को रोकने का सामर्थ्य है। मगर प्रतिका रावल और ऋचा घोष दोनों चोटिल हो गई हैं वो भी एक ऐसे मैच में जिसकी उपयोगिता अधिक मायने नहीं रखती थी। बांग्लादेश के सामने बारिश से बाधित मैच में ये दिग्गज और विश्वसनीय खिलाड़ी चोटिल होकर फिलहाल टीम से बाहर हैं। फॉर्म में चल रही सलामी बल्लेबाज २५ वर्षीय प्रतीका रावल का नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में २१वें ओवर में डीप मिडविकेट पर क्षेत्ररक्षण करते समय टखना मुड़ गया। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष भी टूर्नामेंट के दौरान लगी उंगली की चोट के कारण बाहर हो गईं। अब टीम को उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रतीक्षा है। हालांकि कप्तान हरमन को उम्मीद है कि दोनों सेमीफाइनल में उपलब्ध रहेंगी मगर फिलहाल ऐसी कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।
सेरेना ने क्यों पहना गौरव का गाउन?
टेनिस की महारानी रही सेरेना विलियम्स जहां भी जाती हैं अपना जलवा बिखेरती हैं। और जब बात फैशन की आती है तो वह कोर्ट के अंदर और बाहर दोनों जगह अपने शानदार लुक्स पेश करती रही हैं। उत्तरी स्पेन के ओविएडो में प्रिंसेसा डी अस्टुरियस पुरस्कार समारोह में अपनी नवीनतम उपस्थिति में सेरेना ने भारतीय डिजाइनर गौरव गुप्ता द्वारा डिजाइन किया गया चटक लाल रंग का गाउन पहना था। उन्होंने डिजाइनर के कलेक्शन से एक लाल रंग का वन-शोल्डर स्कल्प्टेड गाउन पहना था, जिसे उन्होंने पतली एड़ी और नुकीले पैर वाले चमकदार पंप्स के साथ पेयर किया था। क्रेप रंग के इस बॉडी-हगिंग गाउन में उनके कूल्हे के दाहिनी ओर नाटकीय रूचिंग थी, जो एक तरह की घुमावदार आकृति बना रही थी। एक बेहद सेक्सी थाई-हाई स्लिट सेरेना के पैरों को चलते हुए दिखा रही थी। उन्होंने अपनी एक्सेसरीज कम से कम रखीं और नेकलेस नहीं पहना। एक सुनहरी घड़ी और कंधे पर ब्रोच उनके लुक को पूरा कर रहे थे। उन्होंने चेरी रंग की लिपस्टिक लगाई थी और अपने प्लैटिनम सुनहरे बालों को खुला छोड़ा था। ये बाल उनके कंधों पर हल्के से लहरा रहे थे। कुलमिलाकर सेरेना विलियम्स रेड क्वीन की तरह दिख रही हैं। गौरव विश्व की कई सेलेब्रेटीज के पसंदीदा डिजाइनर बन गए हैं। उनके परिधान पहनने में इन स्टार्स को भारतीय टच की अनुभूति होती है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
