मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिबदलापुर में आदर्श आचार संहिता की धज्जियां, बिजली के पोल तक पर...

बदलापुर में आदर्श आचार संहिता की धज्जियां, बिजली के पोल तक पर लगे बैनर

अनिल मिश्रा / बदलापुर

बदलापुर नगरपालिका क्षेत्र में 2 दिसंबर 2025 को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है, लेकिन इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन भी देखने को मिल रहा है। खासतौर पर महायुती सरकार समर्थित भाजपा–शिंदे गुट के उम्मीदवारों पर नियमों को ताक पर रखकर प्रचार सामग्री लगाने के आरोप लग रहे हैं।

शहर के कई इलाकों में बिजली वितरण कंपनी (महावितरण) के पोल, हाई-टेंशन पोल, नगरपालिका की संपत्ति और सार्वजनिक स्थानों पर बड़े पैमाने पर बिना अनुमति के बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स लगाए गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सब प्रशासन की आंखों के सामने हो रहा है, लेकिन नपा चुनाव विभाग और अधिकारी ‘गांधी के बंदर’ बने बैठे हैं और कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे।

सूत्रों के अनुसार कई उम्मीदवारों ने सीमित संख्या में बैनर लगाने की अनुमति ली थी, लेकिन मौके पर उससे कई गुना अधिक पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। नियमों के अनुसार किसी भी बैनर पर आदेश क्रमांक, अवधि तथा स्थान की जानकारी दर्ज होना जरूरी है, लेकिन अधिकांश बैनरों पर यह विवरण मौजूद नहीं है। वहीं, सोसायटियों की दीवारों व नोटिस बोर्ड पर जबरन हैंडबिल चिपकाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिक परेशान हैं।

आचार संहिता उल्लंघन को लेकर पूछे गए सवाल पर नगरपालिका के मुख्याधिकारी मारुति गायकवाड़ ने स्वीकार किया कि नपा के स्ट्रीट लाइट पोल पर अनुमति के आधार पर बैनर लगाने की छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि महावितरण के पोल या अन्य निषिद्ध स्थानों पर बैनर लगे हैं तो जांच कर संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बिना अनुमति लगाए गए सभी बैनरों पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव के लिए प्रशासन को तुरंत कड़ा रुख अपनाना चाहिए।

अन्य समाचार