मुख्यपृष्ठअपराधन्यूज स्कैन : १३ साल बाद मिला मर्डरर! ... टेप से मुंह...

न्यूज स्कैन : १३ साल बाद मिला मर्डरर! … टेप से मुंह बंद कर की थी हत्या!

खुशबू सिंह

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में साल २०१२ में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। इस साल जून महीने में जब अपने रिश्तेदार का खून करने के बाद १३ साल से फरार चल रहा आरोपी आखिरकार दिल्ली से पकड़ा गया। मीरा-भायंदर, वसई-विरार (एमबीवीवी) पुलिस की टीम ने ये कार्रवाई की थी, जो लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी।
१३ साल पुराना हत्या का मामला
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंद कुमार जगतनारायण चौधरी के रूप में हुई। वो अपने करीबी रिश्तेदार सुरेशकुमार सूर्यनारायण चौधरी की हत्या के मामले में आरोपी था। घटना २८ मई २०१२ की देर रात की थी, जब भायंदर के रहनेवाले सुरेशकुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
मुंह टेप से बंद करके की थी हत्या
सीनियर पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडख ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि सुरेशकुमार की हत्या बेहद हैवानियत भरे तरीके से की गई थी। आरोपी गोविंद ने पहले उनका मुंह टेप से बंद किया, फिर उनका गला दबाया और उसके बाद एक मूसल से हमला किया।
इस हमले में पीड़ित के चेहरे, छाती, पेट और हाथों पर कई गंभीर घाव मिले थे। इसके अलावा आरोपी ने चाकू और अन्य धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद गोविंद मौके से फरार हो गया था।
१३ साल तक गिरफ्तारी से बचता रहा
हत्या के बाद आरोपी ने लगातार ठिकाना बदलते हुए पुलिस से खुद को छिपाए रखा। महाराष्ट्र पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन वो हर बार चकमा देकर बच निकलता था। आखिरकार, १३ साल बाद उसकी लोकेशन दिल्ली में पकड़ में आई।
तकनीकी विश्लेषण ने खोला सुराग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी के लिए टीम ने कई स्तरों पर काम किया। तकनीकी विश्लेषण, फोन रिकॉर्ड, संभावित संपर्कों की जांच और खुफिया जानकारी ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी के आधार पर आरोपी को दिल्ली के नया बाजार इलाके से गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी न सिर्फ ठाणे पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है, बल्कि लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवार के लिए भी राहत की खबर है।

अन्य समाचार