सामना संवाददाता / मुंबई
मीरा रोड में एक कांस्टेबल की पत्नी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या से हड़कंप मच गया। पुलिस ने पति और उसके परिवार के तीन सदस्यों, जिसमें पिता, माता और बहन शामिल हैं, के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस कपल ने इसी साल अप्रैल में शादी की थी। महिला अपने पति, जो कांस्टेबल है के साथ मीरा रोड के लक्ष्मी पार्क में किराए पर रहती थी। २०२३ मीरा-भायंदर वसई विरार रिक्रूटमेंट ड्राइव में चुने जाने के बाद महिला का पति कांस्टेबल के तौर पर ड्यूटी कर रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की शादी के मुश्किल से एक हफ्ते में ही दिक्कतें शुरू हो गईं। शादी के आठवें दिन पति कथित तौर पर नशे में घर लौटा, जिससे पत्नी ने नाराजगी जताई। उसने उसे शराब पीना छोड़ने के लिए भी कहा, हालांकि, उसके बार-बार कहने के बावजूद, उसकी शराब पीने की समस्या जारी रही। इसके अलावा महिला को कथित अपने ससुराल वालों से भी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा था। अपनी ननद की प्रेग्नेंसी के दौरान महिला को परिवार की मदद के लिए पुणे भेजा गया था। इस दौरान, उसे कथित तौर पर अपने ससुराल वालों, जिसमें उसके ससुर, सास और ननद शामिल थे, से लगातार शक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ दिनों पहले पति-पत्नी के बीच फोन पर झगड़ा हुआ, जब पति अपनी छुट्टी के दौरान अपने दोस्त के साथ शराब पीने चला गया। इससे परेशान होकर पत्नी अपनी मां को फोन करके बताया कि वह सुसाइड कर लेगी। बेटी की बात सुनकर मां ने दामाद को सूचना देकर फौरन घर जाने को कहा। जैसे ही कांस्टेबल घर पंहुचा तो पाया पत्नी घर में फंदे से लटकी हुई थी। इस मामले में महिला की मां ने दामाद के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की शिकायत दर्ज करवाई। मीरा रोड पुलिस ने कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है।
