सामना संवाददाता / मुंबई
२९ नवंबर, शनिवार को पीर मखदूम शाह बाबा को सलामी देने पहुंचे भक्तों के बीच हाजी अली दरगाह ट्रस्ट और मखदूम शाह बाबा दरगाह के इकलौते ट्रस्टी सोहेल खंडवानी से कड़क न्यूज के उप संपादक एवं योग गुरु राधेश्याम जयसवार ने विशेष मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और धार्मिक अनुशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
सोहेल खंडवानी ने योग गुरु राधेश्याम का विशेष स्वागत किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पुलिस परमिशन, मीडिया को-ऑर्डिनेशन और सभी नियमों का पालन करते हुए सलामी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भारी संख्या में आने वाले भक्तों के लिए सुरक्षा, मेडिकल सुविधा, ट्रैफिक व्यवस्था और अन्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाता है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खास बात यह रही कि इस वर्ष भी पहली चादर माहिम पुलिस स्टेशन की ओर से पेश की गई। इस पर ख्ांडवानी ने कहा कि अनुशासन ही हर व्यवस्था की ताकत है। पुलिस विभाग भी पीर मखदूम शाह बाबा की शक्ति और महत्व को समझता है, इसलिए पहली चादर सम्मानपूर्वक पुलिस विभाग की ओर से चढ़ाई जाती है। इस दौरान माहिम पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर संजय पाटील भी मौजूद रहे। योग गुरु राधेश्याम ने भी दरगाह की अनुशासित व्यवस्था की सराहना की और वीआईपी दर्शन किए। उन्होंने बताया कि वे आगामी मनपा चुनाव में नगरसेवक पद से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने पीर मखदूम शाह बाबा का आशीर्वाद लिया।
