– नैनी में कानून व्यवस्था पर सवाल
– पुलिस कार्यवाही के तीसरे ही दिन फिर हुआ हंगामा
प्रयागराज। श्रमिक बस्ती नैनी में निर्माण को लेकर पिछले दिनों हुए विवाद ने सोमवार को भयानक बवाल का रूप ले लिया। सोमवार को दिनदहाड़े भारी हंगामा हुआ। श्रमिक बस्ती के जीईसी श्रम हितकारी केंद्र की के बगल निर्माण को लेकर दो पक्षों में तीन दिन पहले विवाद शुरु हुआ जो सोमवार को मारपीट, पथराव, सिर फुटव्वल में बदल गया। नैनी क्षेत्र के धनुहा, देवरख और अरैल से आए बदमाशों ने श्रमिक बस्ती के निवासियों पर हमला किया। महिलाओं के साथ बदतमीजी की। घर में घुसकर लोगों को पीटा। मौके पर लोगों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया है। वीडियो में पथराव करने वालों की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं। समाचार लिखे जाने तक नैनी थाने में दोनों पक्ष के लोग जमे रहे। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि लिंटर डालने के विवाद को लेकर मारपीट की शुरुआत हुई। मारपीट में कई महिलाएं भी घायल हुई हैं। पीएसी के एक सिपाही का सिर फूट गया है और भी कई लोगों के सिर और हाथ पैर में चोट आई है। तीन दिन पहले यहां झगड़ा हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग में चालान किया था। चालान करते हुए जमानत पर छोड़ा था। जमानत पर छुटकर आए एक पक्ष ने धनुहा चाका से लोगों को बुलाकर इकट्ठा किया और उसके बाद अवैध निर्माण करने लगे। इसके बाद बवाल होने लगा। सड़क पर ईंट-पत्थर, लात-घूंसा चलता रहा। सरेराह दबंगई और गुंडागर्दी की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश उत्पन्न हो गया है।
