मुख्यपृष्ठनए समाचारपीक आवर्स में लड़खड़ाईं मध्य रेलवे की सेवाएं ...स्टेशनों पर उमड़ पड़ी...

पीक आवर्स में लड़खड़ाईं मध्य रेलवे की सेवाएं …स्टेशनों पर उमड़ पड़ी लोगों की भीड़

सामना संवाददाता / मुंबई
मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं सोमवार, १ दिसंबर को सुबह एक बार फिर पूरी तरह लड़खड़ा गईं। पीक आवर्स में ३० से ४० मिनट की देरी के कारण ऑफिस जाने वाले यात्रियों का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। रोज नई गड़बड़ियों से त्रस्त मुंबईकरों का सब्र जवाब दे रहा है और आज की देरी ने रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी को और भड़का दिया।
रेलवे अधिकारियों ने हमेशा की तरह वजह बताई कि चेन पुलिंग और भारी भीड़ के कारण ट्रेनों की रफ्तार थम गई और पूरा टाइम-टेबल उलट-पुलट हो गया। यह गड़बड़ी मुख्य रूप से सेंट्रल लाइन पर रही, जहां कल्याण, डोंबिवली और ठाणे जैसे बड़े स्टेशनों पर स्थिति खासतौर पर बिगड़ी। प्लेटफॉर्म यात्रियों से ठसाठस भर गए और कई जगह नाराज यात्रियों ने विरोध भी जताया। पूरी सेंट्रल लाइन पर लोकल सेवाएं रेंगती रहीं और भीड़ ऐसे उमड़ी मानो त्योहार हो। उधर, रेलवे प्रशासन ने खानापूर्ति करते हुए यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति चेक कर लें और जरूरत पड़े तो हेल्पलाइन से संपर्क करें।
मुंबईकरों का सीधा सवाल
हर दिन नई समस्या क्यों? रेलवे जागेगा कब? रेलवे प्रशासन हर दिन नए-नए दावे करता है, लेकिन एक छोटी सी भी समस्या आने पर सारे दावे धरे रह जाते हैं।

अन्य समाचार