मुख्यपृष्ठनए समाचारठंड से ठिठुरता महाराष्ट्र! ...मुंबई का भी पारा लुढ़का

ठंड से ठिठुरता महाराष्ट्र! …मुंबई का भी पारा लुढ़का

जहरीली हो चुकी है हवा
शहर पर ‘डबल अटैक’
१६ डिग्री पर पहुंचा तापमान, एक्यूआई २०० पार
मौसम और प्रदूषण ने बढ़ार्ईं लोगों की मुश्किलें

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई समेत पूरा महाराष्ट्र ठंड से ठिठुर रहा है। इस बीच मुंबई का पारा तेजी से लुढ़ककर १६ डिग्री तक जा पहुंचा, तो वहीं दूसरी ओर हवा भी जहरीली होती चली जा रही है। मौसम की मार और प्रदूषण का कहर इस ‘डबल अटैक’ ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मुंबई का एक्यूआई लगातार २०० के पार पहुंचने से हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुंची है, जबकि तापमान तेजी से नीचे आने से अचानक बढ़ी ठंड ने आम लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी स्थिति के बने रहने की चेतावनी देते हुए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
राज्य में इस साल बारिश का मौसम नवंबर तक खिंचने के बाद कुछ दिनों से जबरदस्त गर्मी महसूस हो रही थी। रात में ठंड और दिन में गर्मी की स्थिति ने मुंबईकरों को परेशान किया था। इसी बीच सभी की नजर इस पर थी कि ‘दितवा’ चक्रवात का क्या असर होगा। हालांकि, मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि ‘दितवा’ का प्रभाव कम हुआ है। ऐसे में अब मुंबई सहित राज्यभर में ठंड की लहर आने का भी संकेत दिया गया है। इसी के साथ ही अब तापमान तेजी से नीचे उतर रहा है। इससे मुंबईकर सुखद ठंड का अनुभव कर रहे हैं।
हवा की गुणवत्ता खराब
हवा की गुणवत्ता जांचने के लिए ‘एयर क्वालिटी इंडेक्स’ देखा जाता है। हालांकि, इस समय पिछले कई दिनों से मुंबई में औसत एक्यूआई लगभग २०० पर बना हुआ है। इस वजह से मुंबई की हवा स्वास्थ्य के लिए दूषित साबित हो रहा है।

१३ वर्षों में सबसे कम तापमान
रविवार रात मुंबई में पिछले १३ वर्षों का सबसे कम तापमान १५.७ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक ही दिन में पारा ६.१ डिग्री तक नीचे आ गया। इससे पहले नवंबर २०१२ में न्यूनतम तापमान १४.६ डिग्री दर्ज किया गया था।

अन्य समाचार