मुख्यपृष्ठनए समाचार‘वोट चोरी’ को पकड़ना सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं! -आदित्य ठाकरे की दो...

‘वोट चोरी’ को पकड़ना सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं! -आदित्य ठाकरे की दो टूक

सामना संवाददाता / मुंबई
पिछले दस-बारह दिनों से हम मुंबई की कई शाखाओं में जाकर मुंबई की प्रारूप मतदाता सूची पर काम कर रहे हैं। शिवसैनिक और सभी संबद्ध संगठन घर-घर जाकर डुप्लीकेट, हटाए गए मतदाता और सूचियों में मौजूद गड़बड़ियों को खोजकर इस पूरे विषय पर गहराई से काम कर रहे हैं। ‘वोट चोरी’ पकड़ना सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि चुनाव की सबसे आवश्यक प्राथमिक प्रक्रिया है। इस तरह सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर दो टूक शब्दों में शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने चेताया। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि मैं सभी से आग्रहपूर्वक अनुरोध करता हूं कि नागरिक के तौर पर अपना नाम मतदाता सूची में है या नहीं, यह अवश्य जांच लें।

ठेकेदारों के लिए रची गई
‘तपोवन’ के पेड़
काटने की साजिश!
आदित्य ठाकरे का हमला

हमारी सरकार के दौरान जनवरी २०२२ में पर्यावरण मंत्री के रूप में मैंने नासिक के बरगद के पेड़ को बचाया था और अंजनी पर्वत की वनस्पतियों को भी ‘विनाशवादी ठेकेदार-प्रेमियों’ के हाथ नहीं लगने दिया था, क्योंकि प्रकृति की रक्षा ही असली कर्तव्य है!

नासिक में वृक्ष-लताओं से सजे तपोवन में प्रस्तावित ‘साधु ग्राम’ के नाम पर सैकड़ों पेड़ काटने की योजना सरकार ने बनाई है। इस मुद्दे पर आदित्य ठाकरे ने सरकार को जमकर फटकार लगाई है। आदित्य ठाकरे ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि ‘न जंगल से प्यार, न धर्म से, सिर्फ चुने हुए ठेकेदारों के हित के लिए नासिक के तपोवन के पेड़ काटने का खेल रचा गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि नासिक पर इतनी दादागीरी किसके लिए? नासिक का और उस लाडले ठेकेदार का क्या लेना-देना?
आदित्य ठाकरे ने कहा कि तपोवन बचाना है और तपश्चर्या का यह वन ठेकेदार के कब्जे में जाने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि नासिक में स्थानीय नागरिक, पर्यावरण प्रेमी और हमारे पक्ष के पदाधिकारी-कार्यकर्ता एक साथ आकर तपोवन बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं, क्योंकि यह मुद्दा राजनीति का नहीं, बल्कि प्रकृति, जीवन और नासिक के अस्तित्व का है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि चारों तरफ नजर डालें तो पेड़ों की कटाई और बढ़ता प्रदूषण ही दिखता है। फिर भी यह भाजपा सरकार तपोवन काटकर साधु ग्राम बनाने जा रही है, लेकिन उनका असली मकसद कुछ और ही है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि यहां बड़ा एग्जीबिशन सेंटर, हॉल, बंगला बनाने की योजना है। उसके लिए टेंडर भी निकाला गया है।

अन्य समाचार