मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिभारत टेक्स 2026 की घोषणा, जुलाई में नई दिल्ली में होगा वैश्विक...

भारत टेक्स 2026 की घोषणा, जुलाई में नई दिल्ली में होगा वैश्विक टेक्सटाइल महा-आयोजन

14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम में जुटेंगे दुनिया भर के खरीदार और उद्योग विशेषज्ञ

नई दिल्ली। भारत का प्रमुख वैश्विक टेक्सटाइल और परिधान आयोजन भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (BTTF) एक बार फिर भव्य रूप में लौटने जा रहा है। भारत टेक्स 2026 का तीसरा संस्करण 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होगा। इसकी औपचारिक घोषणा आज बीटीटीएफ द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।

बीटीटीएफ देश की प्रमुख निर्यात संवर्धन परिषदों (EPCs) और उद्योग संघों का एक प्रतिष्ठित संघ है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संघ के नेतृत्व ने भारत टेक्स 2026 के विज़न, व्यापक स्वरूप और इसकी प्रमुख विशेषताओं की जानकारी साझा की और इस मेगा इवेंट की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत की।

भारत टेक्स के पिछले दो संस्करणों ने इसे भारत के सबसे बड़े ग्लोबल टेक्सटाइल इवेंट के रूप में स्थापित कर दिया है। दूसरा संस्करण 14 से 17 फरवरी 2025 के बीच भारत मंडपम और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में 2.2 मिलियन वर्ग फुट क्षेत्र में आयोजित किया गया था, जो ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। इस आयोजन में 5,000 से अधिक प्रदर्शक, 120 से ज्यादा देशों से 6,000 अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1,20,000 से अधिक दर्शक शामिल हुए थे। 80 से अधिक ज्ञान सत्रों, 8,000 से ज्यादा B2B और B2G बैठकों तथा उच्च स्तरीय नीति संवादों के माध्यम से इस संस्करण में लगभग 2.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निर्यात अवसर और 2,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए।

बीटीटीएफ के चेयरमैन नरेन गोयनका ने कहा कि 2024 और 2025 के संस्करणों की शानदार सफलता के बाद भारत टेक्स 2026 भारत की सम्पूर्ण टेक्सटाइल वैल्यू चेन के एकीकृत प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन माननीय प्रधानमंत्री के 5F विज़न—Farm to Fibre, Fibre to Factory, Factory to Fashion और Fashion to Foreign—को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही यह “Reform, Perform, Transform और Inform” की शासन नीति के अनुरूप नवाचार, समावेशन और स्थिरता पर आधारित भारत के टेक्सटाइल इकोसिस्टम को वैश्विक मंच पर प्रमुखता से प्रस्तुत करेगा।

बीटीटीएफ के सह-अध्यक्ष भद्रेश डोढिया ने बताया कि भारत टेक्स 2026 का मुख्य आकर्षण ग्लोबल टेक्सटाइल डायलॉग 2026 होगा। इसमें दुनिया भर के उद्योग नेता, सीईओ, नीति निर्माता और विशेषज्ञ Industry 4.0, ESG आवश्यकताओं, अनुसंधान, वैश्विक सहयोग और उभरते व्यापार परिदृश्यों पर गहन विचार-विमर्श करेंगे।

आयोजकों का दावा है कि भारत टेक्स 2026 न केवल भारत के टेक्सटाइल उद्योग की वैश्विक पहचान को और सशक्त करेगा, बल्कि निवेश, निर्यात और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

अन्य समाचार