मुख्यपृष्ठसमाचारक्रिकेट लीग के नाम पर फर्जी ऐप बनाकर ऑनलाइन ठगी कर रहा...

क्रिकेट लीग के नाम पर फर्जी ऐप बनाकर ऑनलाइन ठगी कर रहा गिरोह

 राजेश सरकार
प्रयागराज। सोशल प्लेटफार्म पर मल्टी स्पोर्टस क्रिकेट लीग के नाम से फर्जी ऐप बनाकर साइबर अपराधियों का एक गिरोह प्रयागराज में 14 दिसंबर 2025 को ट्रॉयल कराने के नाम पर क्रिकेट प्रेमी बच्चों और उनके अभिभावकों से लाखों रुपये रजिस्ट्रेशन फीस वसूल चुका है। इस गिरोह ने ट्रॉयल का स्थान मिलेनियम स्कूल ग्राउंड नैनी में दर्शाया है। वहीं कुछ लोगों को ट्रॉयल का स्थान रघुनाथ चक नैनी बताया जा रहा है। जबकि जगह का नाम चक रघुनाथ नैनी बाजार है। ऐप बनाने में जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया है, ट्रू कॉलर में सर्च किए जाने पर उक्त नंबर मल्टी स्पोर्टस के नाम पर सेव किया गया है। रजिस्ट्रेशन के लिए जब दिए गए नंबर (8267816582) पर कॉल किया जा रहा है तो दूसरी तरफ से लड़की की आवाज में कोई बात करता है। वह सभी को अलग-अलग नाम से अपना परिचय देती है।
– ट्रॉयल के अलग-अलग शुल्क
उक्त नंबर पर सम्पर्क किए जाने पर लड़की की आवाज में बोला जाता है कि विकेट कीपर, बॉलर, बैट्समैन,ऑलराउंडर के लिए ट्रॉयल रजिस्ट्रेशन फीस अलग-अलग है। इस तरीके से 1000-1400 रुपये फीस वसूली जा रही है। यह पूछने पर कि मल्टी स्पोर्टस के मेंबर क्या प्रयागराज में मौजूद हैं तो बताया जाता है कि जी इस समय करीब बीस मेंबर प्रयागराज के पीपल मंदिर में हैं। कौन से पीपल मंदिर में तो उधर से यह कह कर फोन काट दिया जाता है कि बाद में बात करूंगी।

– 30-35 बच्चों से हुआ धोखा
अभी तक इस फर्जी ऐप से प्रेरित होकर करीब 30-35 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर ऑनलाइन फीस जमा कराया है। मिलेनियम स्कूल नैनी के कोच शिवम शुक्ला ने अखबार के प्रतिनिधि को इस फ्रॉड की जानकारी देते हुए सहयोग मांगा है। उन्होंने बताया कि गिरोह मल्टी स्पोर्ट्स क्रिकेट लीग के नाम से फ्रॉड कर रहा है। विभिन्न नंबर पर ऑनलाइन कॉल कर बोल जा रहा है कि 14 दिसंबर 2025 को मिलियम वर्ल्ड स्कूल में ट्रायल होगा। इसकी जानकारी होने पर शिवम शुक्ला ने उक्त फर्जी ऐप में दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो उनको भी इस तरह की फर्जी जानकारी दी गई। जबकि शिवम शुक्ला मिलेनियम स्कूल के क्रिकेट कोच है। उन्होंने बताया की कई लोगों ने स्कूल में जाकर पता किया तो उनको सच्चाई से अवगत करा दिया गया है। शिवम शुक्ला का कहना है कि इस फर्जी गिरोह की शिकायत करने वह साइबर क्राइम थाने में प्रार्थना पत्र देने जाएंगे। उन्होंने बताया की मिलेनियम स्कूल के अलावा वह फोर्ड स्कूल काजीपुर रोड नैनी में भी बच्चों के क्रिकेट कोच है। पिछले करीब 10-12 सालों से वह क्रिकेट कोच की जिम्मेदारी का पूरी लगन से निर्वाह कर रहे हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों और क्रिकेट खेलने वाले बच्चों से अपील की है की मल्टी स्पोर्ट्स लीग के नाम से इस फर्जी ऐप से सावधान रहें।
– आगरा के नाम का प्रयोग
इस फ्रॉड ऐप में दिए गए सम्पर्क नम्बर पर बात करने पर दूसरी तरफ से बताया जाता है कि मल्टी स्पोर्ट्स क्रिकेट लीग आगरा से संचालित किया जाता है। यह प्रश्न किए जाने पर कि क्रिकेट लीग का आयोजन आगरा में क्यों नहीं कर रहे हैं ? तो दूसरी तरफ से जवाब दिया जाता है कि हम लोग पूरे यूपी में यह आयोजन कर रहे हैं।
– फ्रॉड से बचने को सावधानी बेहद जरूरी
अखबार के माध्यम से कोच शिवम शुक्ला ने सभी अभिभावकों और खिलाड़ी बच्चों से विशेष अपील की है कि इस तरह के फर्जी ऐप से बचें और सावधानी बरतें।

अन्य समाचार