अनिल मिश्रा / उल्हासनगर
उल्हासनगर शहर की मुख्य सड़कों, पदचारी पथ और सार्वजनिक स्थलों पर वर्षों से खड़े लावारिस वाहनों के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन वाहनों की हवा निकल चुकी थी, वे जर्जर हालत में खड़े थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आसपास गंदगी भी फैल रही थी। सफाई कर्मियों को भी नियमित सफाई कार्य में गंभीर अड़चन हो रही थी।
इन सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उल्हासनगर महानगरपालिका आयुक्त मनीषा आव्हाले के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त डॉ. धीरज चौव्हान ने हाल ही में मनपा के प्रभाग अधिकारियों, अतिक्रमण निर्मूलन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त बैठक बुलाई। बैठक के बाद शहर में युद्ध स्तर पर लावारिस वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
इस अभियान के अंतर्गत अब तक 70 लावारिस वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। अतिक्रमण निर्मूलन विभाग के नोडल अधिकारी गणेश शिंपी ने बताया कि शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। मुख्य मार्गों पर अवरोध पैदा करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि यातायात पुलिस द्वारा सुझाए गए स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और प्रमुख सड़कों पर पार्किंग व्यवस्था के लिए पीले पट्टे लगाने का कार्य जल्द शुरू होगा। मनपा प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिसर या सड़क किनारे खड़े लावारिस वाहनों की सूचना संबंधित प्रभाग समिति कार्यालय को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
