राज सिंह की कहानी केवल एक व्यक्ति की पीड़ा नहीं, बल्कि उस सामाजिक भ्रम का आईना है, जिसमें आदमी पोस्टरों, नारों और संगठनों की भीड़ को अपना सहारा समझ बैठता है। यूपी पुलिस की ‘बहादुरी’ से गिरफ्तार हुए राज सिंह को जब सीबीआई से क्लीन चिट मिली, तो उनके शब्द भीतर तक चुभते हैं, ‘बुरे वक्त में कोई काम नहीं आया, बस परिवार वाले ही काम आए।’ यह बयान किसी राजनीतिक दल या संगठन पर टिप्पणी भर नहीं है, बल्कि उस कड़वे सच की स्वीकारोक्ति है, जिसे अक्सर संकट के समय ही समझा जाता है। सोशल मीडिया पर नेताओं के साथ तस्वीरें, राजनीतिक-सामाजिक संगठनों के पोस्टर, समर्थन के नारे और बड़े-बड़े दावे, सब कुछ तब बेमानी हो जाता है, जब आदमी सचमुच मुसीबत में अकेला खड़ा होता है।
राज सिंह को शायद अब यह अहसास हुआ होगा कि भीड़ और संबंधों में फर्क होता है। दिखावे की दुनिया में बहुत लोग साथ दिखाई देते हैं, लेकिन न्याय, संकट और अपमान के समय केवल वही खड़े रहते हैं, जिनके दिल में रिश्ता होता है, स्वार्थ नहीं।
यह घटना समाज को भी चेतावनी देती है, अंधे समर्थन से पहले इंसान को अपने अधिकार, कानून और परिवार की ताकत समझनी चाहिए। राजनीति साथ दे या न दे, अपना परिवार ही अंतिम सहारा होता है।
