सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
-खुद पैदल मार्च पर निकलीं कप्तान चारू निगम
कल बकरीद है। पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर सुल्तानपुर पुलिस पूरी तरह चौकस है। इसी के मद्देनजर पूरे जिले को १९ जोन व ८९ सेक्टरों में बांट दिया गया है। खुद पुलिस कप्तान चारू निगम ने सशस्त्र पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च एवं एरिया डोमिनेशन किया।
पुलिस टीम ने राहुल चौराहा, नार्मल चौराहा, डाकघर, घंटाघर चौक सहित विभिन्न बाजारों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और प्रबुद्धजनों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से जनपद को पांच सुपर जोन, १९ जोन और ८९ सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना को बिना सत्यापन के आगे प्रसारित न करने की भी अपील की गई है।
