मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमोबाइल गेमिंग ऐप से नाबालिगों की तस्करी...बच्चियों को फंसाकर ले जाते हैं...

मोबाइल गेमिंग ऐप से नाबालिगों की तस्करी…बच्चियों को फंसाकर ले जाते हैं गुजरात!.. फिर होता है अस्मत का सौदा… मुंबई की एक बेटी बाल-बाल बची

फिरोज खान / मुंबई

मोबाइल गेम खेलने का शौक अब बच्चों के लिए खतरनाक बनता जा रहा है। सायबर अपराधी गेमिंग ऐप को अपना हथियार बनाकर नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर गुजरात ले जाते हैं और वहां उनका सौदा कर देते हैं या फिर उनकी इज्जत तार-तार कर दी जाती है। ऐसी एक घटना ने लोगों को हिलाकर रख दिया है।
हाल ही में मुंबई की एक नाबालिग लड़की को ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लुभाकर आरोपी उसे गुजरात ले गया। वहां उसका सौदा तय हो गया था, मगर उससे पहले उसे बचा लिया गया। इससे पहले दक्षिण मुंबई और गोरेगांव से तीन लड़कियों को गेमिंग ऐप के जरिए फंसाकर गुजरात ले जाया गया था।
सर्विलांस से लगा सुराग
बेटी के लापता होते ही परिजनों ने पुलिस को खबर दी। मुंबई पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और साइबर सेल की मदद से आरोपी का सुराग लगाया। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी को गुजरात में दबोच लिया गया। नाबालिग को सुरक्षित मुंबई लाया गया।
इनाम का लालच और झूठे वादे
हालिया मामले में आरोपी ने एक १६ साल की लड़की से दोस्ती की। चैट, इनाम का लालच और झूठे वादे करके धीरे-धीरे उसका भरोसा जीता। उसे नई जिंदगी दिखाने का सपना दिखाकर उसका ब्रेनवॉश किया और फिर मौका देखकर उसे मुंबई से गुजरात ले गया।
लूडो ऐप पर फंसकर बच्ची भागी कैश लेकर
गेमिंग ऐप के चक्कर में फंसाकर नाबालिग लड़कियों को सायबर अपराधी भगा ले जा रहे हैं। गत मई महीने में दक्षिण मुंबई की १७ साल की बच्ची लूडो ऐप पर दोस्ती के चक्कर में फंस गई थी और १०.५ लाख कैश लेकर गुजरात भागी थी। मुंबई पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे गुजरात में ट्रेस कर बचाया।
इसी साल फरवरी महीने में ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में गोरेगांव में रहने वाली १४ साल की लड़की घर से निकल गई थी। पुलिस ने मिसिंग केस दर्ज किया। फिर पता चला कि सायबर अपराधियों के बहकावे में वह वाराणसी पहुंच गई थी। वनराई पुलिस उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर मुंबई लेकर आई। एटीएस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल २०२४ और २५ में मुंबई के ४-५ नाबालिग, जिनमें लड़कियां भी शामिल थीं, उन्हें गेमिंग चैट से कट्टरपंथ की तरफ धकेलने की कोशिश की गई थी।

अन्य समाचार