जोगेश्वरी में १४ साल की नाबालिग बच्ची से ६ लोगों ने की दरिंदगी
कहीं अपहरण कर बलात्कार, तो कहीं सेक्सटॉर्शन
फिरोज खान / मुंबई
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में संगीन अपराध कम नहीं हो रहे हैं, बल्कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म होता नजर आ रहा है। चौंकानेवाली बात यह है कि स्कूली नाबालिग छात्राओं का कहीं अपहरण कर बलात्कार किया जा रहा है तो कहीं सेक्सटॉर्शन के जरिए उनकी खुलेआम इज्जत लूटी जा रही है। बावजूद इसके मानो पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी नजर आ रही है।
पिछले हफ्ते ही जोगेश्वरी स्थित एक स्कूल के बाहर से नाबालिग छात्रा का अपहरण कर बलात्कार किया गया। अभी इसकी जांच चल ही रही थी कि मीरा रोड में शर्मसार कर देनेवाली घटना सामने आई है। स्कूल में पढ़नेवाली महज १४ साल की छात्रा को ६ आरोपियों ने निशाना बनाया। धोखे से लड़की का नग्न अवस्था में वीडियो बनाकर आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल और धमकी देकर कई दिनों तक उसकी इज्जत से खिलवाड़ किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने लड़की से सोशल मीडिया पर दोस्ती की, फिर मिलने के लिए बुलाकर दरिंदगी की। इसके बाद आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर लड़की को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ब्लैकमेल कर वे बार-बार उसका शोषण करते रहे।
अश्लील वीडियो बनाकर करते थे बलात्कार
काशीमीरा पुलिस ने ३ आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि सबसे पहले २२ साल के लड़के ने लड़की का धोखे से अश्लील वीडियो बनाया और उसके बाद ब्लैकमेल करते हुए उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। बात यहीं खत्म नहीं हुई। आरोपी ने अश्लील वीडियो अपने अन्य ५ दोस्तों को भेजा। पांचों लड़कों ने भी पीड़िता को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और बारी-बारी से सभी ने दुष्कर्म किया। हवस और घिनौनी हरकत दिन-ब-दिन बढ़ती गई तो पीड़िता ने सारी बात अपने घर पर बताई।
परिजनों ने फौरन काशीमीरा पुलिस स्टेशन में सभी आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। जोन १ के डीसीपी राहुल चव्हाण ने बताया कि फिलहाल ३ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल से कोई आपत्तिजनक वीडियो नहीं मिले हैं। चव्हाण ने बताया कि जांच के बाद ही आरोप की पुष्टि होगी।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। स्थानीय लोगों की मांग है कि अपराधियों पर मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दी जाए। पीड़िता को सुरक्षा और सरकारी मदद दी जाए।
गृहमंत्री जवाब दें
स्थानीय लोगों का कहना है कि मीरा-भायंदर में आए दिन अपराध होते रहते हैं। पुलिस सिर्फ केस दर्ज कर खानापूर्ति कर रही है। जब तक मास्टरमाइंड और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक बेटियां सुरक्षित नहीं होंगी। गृहमंत्री जवाब दें, महाराष्ट्र की बेटियां कब सुरक्षित होंगी?
