सामना संवाददाता / मुंबई
नीट पेपर लीक ने लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। ऐसे सभी पीड़ित युवक-युवतियां आज कॉकरोच बनकर अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। सरकार को उनकी बात सुननी ही पड़ेगी। कॉकरोचों को कमतर मत आंकिए, जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन ने यही चेतावनी दी है। यह बात शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कही है।
बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर कल प्रदर्शन किया गया। इस आंदोलन के संदर्भ में शिवसेनापक्षप्रमुख ने उक्त बातें कहीं।
‘न्याय से वंचित रखना उचित नहीं’
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोचों का आंदोलन शुरू हो गया। जिन्हें हम देश का भाग्यविधाता और भविष्य कहते हैं, वे हजारों युवा अपनी पीड़ा और भविष्य की चिंता लेकर तपती धूप में सड़कों पर उतर आए हैं। उन्हें ‘कॉकरोच’ कहकर अपमानित करना और न्याय से वंचित रखना उचित नहीं है।
