मुख्यपृष्ठअपराधनौकरी का लालच देकर टीचर का कराया धर्मांतरण!..छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने किया...

नौकरी का लालच देकर टीचर का कराया धर्मांतरण!..छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने किया मामला दर्ज

सामना संवाददाता / मुंबई

नासिक के कथित ‘कॉर्पोरेट धर्मांतरण’ मामले की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि छत्रपति संभाजीनगर से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि दुबई में नौकरी दिलाने का लालच देकर एक निजी शिक्षक ने ४३ वर्षीया विवाहित शिक्षिका को अपने जाल में फंसाया। हैरानी की बात यह है कि महिला का धर्मांतरण कराने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर आरोपी उसके पैसे व गहने लेकर फरार हो गया। इस मामले में पुंडलिक नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है। आरोपी ने महिला से कहा कि दुबई में नौकरी के लिए धर्मांतरण जरूरी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। उसी विद्यालय में आरोपी हुसैन अबु सोयदान भी शिक्षक के रूप में कार्य करता था। एक ही स्थान पर नौकरी करने के कारण दोनों की पहचान हुई और धीरे-धीरे मित्रता बढ़ गई। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।
पति को छोड़कर मेरे साथ विवाह कर लो!
नासिक के आईटी कंपनी में धर्मांतरण और दुष्कर्म जैसा मामला छत्रपति संभाजीनगर में भी देखने को मिला है। वहां एक महिला ने इसकी शिकायत की है। महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसे उसके पति से दूर होने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उससे विवाह कर साथ रहने की इच्छा जताते हुए उसे अपने जाल में फंसाया। इसके बाद शहर के एक होटल में ले जाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। आरोपी ने महिला का मानसिक रूप से प्रभाव बदलते हुए उसे धार्मिक अनुष्ठान करने और कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया। शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि महिला को उसकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक प्रक्रिया अपनाने पर बाध्य किया गया। इस बीच आरोपी ने विभिन्न कारण बताकर पीड़िता से बड़ी रकम भी ऐंठ ली।
नकद और ६ तोला सोना भी हड़पा
शिकायत के अनुसार, उसने ऑनलाइन लेन-देन के अलावा नकद राशि और लगभग छह तोला सोना भी लिया। दुबई में नौकरी, पासपोर्ट की प्रक्रिया और अन्य खर्चों का हवाला देकर यह रकम वसूली गई। हालांकि, पैसे और गहने मिलने के बाद आरोपी ने महिला से संपर्क तोड़ लिया। शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि एक जून से आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक शिवप्रसाद करहाले के मार्गदर्शन में जारी है।

अन्य समाचार