-चाचा-चाची समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
राजेश सरकार / प्रयागराज
शिवकुटी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी को उसके चाचा द्वारा जलाने का विभत्स मामला सामने आया है। थाने में एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद मामले ने नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। गौरतलब है कि स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती किशोरी को घटना के पांच दिन बाद होश आया, जिसके बाद उसने अपने चाचा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने चाचा, चाची, नाना समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, किशोरी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी मां की मृत्यु करीब दस वर्ष और पिता की मृत्यु दो साल पहले हुई थी। बताया गया कि माता-पिता के निधन के बाद वह अपने छोटे भाई के साथ चाचा-चाची के घर रह रही थी। पीड़िता के बड़े भाई ने बताया कि वह अपने परिवार संग शहर में अलग रहता है। जबकि उससे छोटी बहन और भाई चाचा के यहां रहते थे। उसने बताया कि उसकी चाची रिश्ते में उसकी मौसी भी लगती है। 29 मई की शाम उसे चाची का फोन आया और सूचना दी गई कि उसकी बहन ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और बहन को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में देखकर तत्काल स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल मे कई दिनों तक किशोरी की हालत नाजुक बनी रही और वह बयान देने की स्थिति में नहीं थी। शुक्रवार रात होश में आने के बाद किशोरी ने आरोप लगाया कि उसका चाचा लंबे समय से उसके साथ गलत हरकतें करता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई बार उसे भूखा रखकर प्रताड़ित भी किया जाता था।
किशोरी का आरोप है कि जब उसने इस बारे में चाची को बताया तो उन्होंने भी उसका साथ देने के बजाय चुप रहने का दबाव बनाया। पीड़िता के अनुसार, जब उसने विरोध किया और मामले को उजागर करने की कोशिश की तो उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई। बड़े भाई ने बताया कि बहन के होश में आने के बाद उसने उसका वीडियो बयान रिकॉर्ड किया और उसे पुलिस को सौंपते हुए तहरीर दी। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि घटना 29 मई की है, लेकिन उस समय पुलिस को इसकी कोई सूचना नहीं दी गई थी। शनिवार को पीड़िता के भाई की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और किशोरी का बयान दर्ज किया। मामले में चाचा, चाची, नाना समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ध्यान रहे की मामले में लगाए गए आरोप पीड़िता और उसके परिजनों के बयानों पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
