‘शक्तिमान’ में डॉक्टर जैकाल का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता ललित परिमू ने हाल ही में स्टार किड्स और उनकी एक्टिंग को लेकर खुलकर अपनी राय रखी। एक इंटरव्यू में जब उनसे जाह्नवी कपूर, अनन्या पांडे और शनाया कपूर जैसे स्टार किड्स की ट्रोलिंग पर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें एक्टिंग सीखनी चाहिए। ललित परिमू का मानना है कि अभिनय एक कला है, जिसे सीखने और समझने के लिए समय और समर्पण की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि बड़े फिल्मी परिवारों से आने वाले कलाकारों में अक्सर सीखने की भूख कम देखने को मिलती है, जबकि संघर्ष करने वाले कलाकारों में यह जज्बा ज्यादा होता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक्टिंग को केवल बिजनेस की तरह नहीं देखा जा सकता। इसके लिए अंदर से कलाकार बनना पड़ता है। ललित ने यह भी स्वीकार किया कि वह आज के नए कलाकारों का काम कम देखते हैं और अब भी राजेश खन्ना तथा दिलीप कुमार जैसे दिग्गजों की फिल्में देखना पसंद करते हैं।
