ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन २०२६ में भारतीय शटलरों ने शानदार शुरुआत करते हुए दमदार प्रदर्शन किया है। स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु और युवा सनसनी तन्वी शर्मा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बना ली है, जिससे भारतीय प्रशंसक में उत्साह की लहर दौड़ गई है। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने पेरू की इनेस कैस्टिलो को एकतरफा मुकाबले में २१-१३, २१-११ से हराकर अपनी क्लास का शानदार प्रदर्शन किया। सिंधु ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और विरोधी खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। अब अगले दौर में उनका सामना हमवतन इशरानी बरुआ से होगा। वहीं १७ वर्षीय तन्वी शर्मा ने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व नंबर-११ चिउ पिन-चियन को २१-१२, २२-२० से मात दी। इस जीत ने युवा खिलाड़ी के आत्मविश्वास को नई उड़ान दी है। अगले दौर में उनकी भिड़ंत मालविका बंसोड़ से होगी। फिलहाल भारतीय बैडमिंटन प्रेमियों की निगाहें सिंधु और तन्वी पर टिकी हैं, जिनसे आगे भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
