सुनील ओसवाल / मुंबई
-मुंबई एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
-मीटिंग के लिए जा रही थीं दिल्ली
-पार्थ, तटकरे और प्रफुल्ल पटेल भी थे साथ
-दो घंटे तक करना पड़ा इंतजार
-इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो घंटे का समय लग गया, जिसके कारण सुनेत्रा पवार और उनके साथ मौजूद नेताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली में सत्ता के समीकरणों पर होने वाली अहम बैठक से पहले महाराष्ट्र की राजनीति में उस वक्त सनसनी पैâल गई, जब उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का विमान टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। मुंबई एयरपोर्ट पर अचानक आई इस गड़बड़ी ने सुरक्षा एजेंसियों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल बढ़ा दी थी। सुनेत्रा पवार बुधवार को दिल्ली में थीं।
सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए निजी विमान से दिल्ली रवाना होने वाली थीं। सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा था, लेकिन उड़ान भरने से पहले विमान के तकनीकी सिस्टम में खामी सामने आ गई। इसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को तत्काल रोक दिया गया। अचानक आई इस तकनीकी समस्या के कारण एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने विमान की गहन जांच शुरू की और उड़ान को मंजूरी देने से पहले सभी सुरक्षा मानकों की पड़ताल की।
हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सत्ता के केंद्र दिल्ली की अहम बैठक से पहले हुई इस घटना ने नेताओं की हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर भी नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, समय रहते खराबी का पता चल जाने से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई।
देरी से पहुंचे दिल्ली
इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो घंटे का समय लग गया, जिसके कारण सुनेत्रा पवार और उनके साथ मौजूद नेताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा। बताया जा रहा है कि इस विमान से पार्थ पवार, सांसद सुनील तटकरे और सांसद प्रफुल्ल पटेल भी दिल्ली जाने वाले थे। तकनीकी खराबी के चलते सभी नेताओं का कार्यक्रम प्रभावित हुआ और वे निर्धारित समय से काफी देर बाद दिल्ली पहुंच सके।
