मुख्यपृष्ठसमाचार‘वोट चोरी’ के बाद अब `सीट चोरी'!

‘वोट चोरी’ के बाद अब `सीट चोरी’!

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

-मीनाक्षी नटराजन मामले में भाजपा पर राहुल गांधी का हल्लाबोल

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश से कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने को लेकर भाजपा और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला है। राहुल ने आरोप लगाया कि `वोट चोरी’ और `सरकार चोरी’ के बाद अब भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से `सीट चोरी’ का खेल शुरू हो गया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच `एक्स’ पर लिखा कि भाजपा चुनावी मैदान में मुकाबला करने के बजाय नियमों का दुरुपयोग कर विपक्ष को चुनाव शुरू होने से पहले ही बाहर करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि हालिया राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे और उनके खिलाफ कोई मामला भी लंबित नहीं था, इसके बावजूद भाजपा की कथित बेबुनियाद आपत्ति के आधार पर उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दूसरी तरफ झारखंड में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने अपने आवेदन में नाम तक गलत लिखा था और कई जरूरी जानकारियां भी नहीं दी थीं, फिर भी निर्वाचन आयोग ने उन्हें दस्तावेज दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त समय दे दिया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में ऐसी और घटनाएं देखने को मिल सकती हैं, क्योंकि भाजपा के लिए निष्पक्ष चुनाव जीतने से ज्यादा आसान चुनावी प्रक्रिया में धांधली करना हो गया है।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज
राज्यसभा नामांकन रद्द मामले में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन को कल राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई से इनकार कर दिया और कहा कि कल आइएगा, कल सुनवाई करेंगे। मीनाक्षी की याचिका को जस्टिस प्रशांत कुमार की अध्यक्षता वाली दो सदस्यीय पीठ के समक्ष मेंशन किया गया। कांग्रेस नेता की ओर से रिटर्निंग ऑफिसर के द्वारा नामांकन रद्द करने के आदेश पर रोक लगाने की मांग की गई है।

अन्य समाचार