बिश्नोई गैंग के दावे से बॉलीवुड में हड़कंप
सुनील ओसवाल / मुंबई
बॉलीवुड के मशहूर गायक गुरु रंधावा कथित तौर पर एक बार फिर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आ गए हैं। दिल्ली में उनके ‘२४एचएस फिटनेस’ जिम पर देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित संदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि ‘गुरु रंधावा सलमान खान के बेहद करीब हैं, इसलिए उन्हें चेतावनी दी गई थी।’
बुधवार देर रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चेहरे ढंके हुए दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और जिम के कांच वाले हिस्से पर कई राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत पैâल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
दोनों के बीच पुराना विवाद
लॉरेंस बिश्नोई गैंग और सलमान खान के बीच चल रहा पुराना विवाद किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में गुरु रंधावा का नाम इस विवाद में सामने आने से बॉलीवुड और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां इस एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या हमला वास्तव में किसी गैंगवार या धमकी के सिलसिले का हिस्सा है? फिलहाल, गुरु रंधावा की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दिल्ली में हुई इस फायरिंग ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर गैंगस्टरों की धमकियां अब मनोरंजन जगत के बड़े चेहरों तक किस हद तक पहुंच चुकी हैं।
सलमान से दूर रहो…’
फायरिंग के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नामों का उल्लेख करते हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई। वायरल संदेश में दावा किया गया कि गुरु रंधावा को पहले भी सलमान खान से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। कथित पोस्ट में यहां तक लिखा गया कि ‘यह सिर्फ ट्रेलर है, फिल्म अभी बाकी है…’, जिससे पूरे मामले ने और भी सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि वायरल पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
