सामना संवाददाता / नैनीताल
जनपद में 14 जून को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा के संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 14 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की लिखित परीक्षा हेतु हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल एवं कालाढूंगी में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सूक्ष्मता से जांच सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, गोपनीयता एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन हेतु परिवेक्षक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। बैठक में आयोग के प्रतिनिधियों द्वारा परीक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि कैंची धाम (भवाली) में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस को ध्यान में रखते हुए वे किसी भी प्रकार के विलंब से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचें।
बैठक में नोडल अधिकारी परीक्षा/अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल एवं कालाढूंगी क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी, 57 परीक्षा केंद्रों के प्रबंधक, आयोग के प्रतिनिधि एवं पुलिस महकमे के अधिकारी उपस्थित थे।
