फिरोज खान
-हत्या को हादसा बताने की साजिश नाकाम
सुबह-सुबह काशीमीरा स्थित नील कमल नाका के पास एक नाले में ४ साल के बच्चे की लाश पानी में तैर रही थी। पास से गुजर रहे एक शख्स की नजर उस पर पड़ी तो वह चौंक गया और घबराकर आस-पास के लोगों को बुला लिया। नाले के पास भीड़ इकट्ठा हो गई। किसी ने फौरन स्थानीय काशी गांव पुलिस स्टेशन को सूचना दे दी। १५ मिनट में पुलिस की गाड़ी मौके पर पंहुची। नाले में बच्चे की लाश देखकर पुलिस ने पहले समझा बच्चा हादसे का शिकार हुआ है। दमकल को बुलाकर लाश निकाली गई। लाश को करीब से देखने के बाद पुलिस अधिकारी चौंक गए, क्योंकि लाश पर गहरे जख्म और पिटाई करने के निशान थे। लाश की हालत देखकर पुलिस के कान खड़े हो गए और शक हुआ यह हादसा नहीं हत्या है। दूसरी एक और वजह यह थी कि अगर बच्चा गलती से नाले में गिरा होता, तो उसका परिवार बच्चे को ढूंढने की कोशिश करता, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद शक यकीन में बदल गया कि बच्चे की हत्या कर नाले में फेंक दिया गया। पुलिस के सामने कई सवाल खड़े थे। हत्या किसने और क्यों की होगी? नन्हें से बच्चे की दुश्मनी किस से रही होगी। पुलिस ने कई एंगल से जांच शुरू की। पुलिस का गहरा शक दुश्मनी को लेकर था। पुलिस के सामने एक और समस्या यह थी कि दो दिन बीत जाने के बावजूद किसी ने बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी। ऐसे में जांच अधिकारी को लगा संभवत लाश दूसरे क्षेत्र से बहते हुए यहां पंहुची होगी, इसलिए आसपास के पुलिस स्टेशनों को लाश की फोटो भेजकर सूचना दे दी गई। इसके अलावा पुलिस सादी वर्दी में लाश की शिनाख्त करने के लिए फोटो लेकर इलाके में हर एक को दिखाने लगी। ४८ घंटे बीत चुके थे, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग रहा था। यकायक एक पुलिसकर्मी को खयाल आया कि शव की फोटो छोटे बच्चों को दिखाई जाए, हो सकता है कोई बच्चा पहचान ले। पुलिस की यह तरकीब काम आई और एक १४ साल के लड़के ने शव की शिनाख्त कर दी और बताया यह बच्चा थोड़ी दूर ही रहता था। लड़के के द्वारा बताए गए एक मकान में पुलिस पहुंची। कमरे में ४० साल का एक शख्स शराब के नशे धुत था। पत्नी कोने में बैठी हुई थी। पुलिस को देख दोनों घबरा गए। पुलिस ने उन्हें शव का फोटो दिखाया तो उन्होंने अपना बच्चा होने की बात कबूल की, लेकिन हत्या करने से इनकार किया। पुलिस दोनों को पुलिस स्टेशन ले आई और सख्ती से पूछताछ की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। आरोपी व्यक्ति ने पुलिस को बताया बच्चे की मां उसकी प्रेमिका है। प्रेमिका के पति ने उसे दो साल पहले छोड़ दिया था, तभी से वह उसके साथ लिव इन में रह रहा है। प्रेमिका का बच्चा अक्सर सेक्स करते समय रोड़ा बनता था, इसलिए उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी और हत्या को हादसा बताने के मकसद से लाश नाले में फेंक दी।
