मुख्यपृष्ठसमाचारपलक झपकते ही महिलाओं का मंगलसूत्र उड़ाता था शातिर लुटेरा!

पलक झपकते ही महिलाओं का मंगलसूत्र उड़ाता था शातिर लुटेरा!

जेदवी / जेदवी

-आशिकी और अय्याशी के लिए करता था चोरी

-२३ मामलों का आरोपी रेलवे पुलिस के हत्थे चढ़ा 

-१.९५ लाख रुपए का माल बरामद

मुंबई की लोकल ट्रेनों में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन झपटने वाले एक शातिर अपराधी को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी चोरी और लूटपाट से मिलने वाली रकम अपनी प्रेमिकाओं पर खर्च करता था तथा ऐशो-आराम की जिंदगी जीता था।
रेलवे पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने कुख्यात झपटमार तारू मोहम्मद अली शेख (३८) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब १.९५ लाख रुपए मूल्य का चोरी का मंगलसूत्र बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, ७ जून को अंधेरी निवासी महिला यात्री रुपाली बडेकर चर्चगेट से बोरीवली की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रही थीं। ट्रेन जैसे ही ग्रांट रोड स्टेशन के पास पहुंची और उसकी रफ्तार धीमी हुई, तभी आरोपी ने मौका देखकर उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर कूद गया और फरार हो गया। इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चर्चगेट रेलवे पुलिस और एसटीएफ ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की तथा जाल बिछाकर ८ जून को उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने कल्याण स्थित उसके घर पर छापा मारकर चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मुंबई सेंट्रल, सीएसएमटी, ठाणे, बोरीवली, कुर्ला और डोंबिवली समेत विभिन्न रेलवे पुलिस थानों में झपटमारी और जबरी चोरी के २३ से अधिक मामले दर्ज हैं। रेलवे पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है। महिलाओं के मंगलसूत्र लूटकर अय्याशी करने वाला यह शातिर फिलहाल सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।

अन्य समाचार