मुख्यपृष्ठनए समाचारवाराणसी पहुंचे आप के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह...अयोध्या भूमि प्रकरण को लेकर...

वाराणसी पहुंचे आप के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह…अयोध्या भूमि प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट पर बोला तीखा हमला

उमेश गुप्ता / वाराणसी

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अयोध्या भूमि प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भूमि खरीद में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2024 में अयोध्या में एक भूमि की खरीद की गई, जिसे लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों द्वारा भी सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित भूमि नजूल श्रेणी की थी, जिसे नियमानुसार फ्रीहोल्ड किए बिना न तो खरीदा जा सकता है और न ही बेचा जा सकता है। आप सांसद ने आरोप लगाया कि जिस भूमि का वास्तविक मूल्य लगभग 2.92 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, उसे करीब 24 करोड़ रुपये में खरीदा गया। उन्होंने कहा कि इस खरीद-फरोख्त में भारी वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है और इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण और उससे जुड़े कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में जांच एजेंसियां सक्रिय भूमिका नहीं निभा रही हैं, जबकि अन्य मामलों में केंद्रीय एजेंसियां तत्काल कार्रवाई करती हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के सामने पूरे मामले की सच्चाई आनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि भूमि खरीद से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

अन्य समाचार

आहट