आईसीसी महिला टी२० वर्ल्ड कप २०२६ में नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच के दौरान भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्पिनर श्रेयंका पाटील गेंदबाजी करते समय फील्डिंग के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। अपनी ही गेंद पर फील्डिंग करते हुए उनका एंकल मुड़ गया, जिसके बाद उन्हें दर्द से कराहते हुए स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। उन्हें तुरंत मेडिकल जांच के लिए स्वैâन पर भेजा गया है। बीसीसीआई की ओर से अभी तक उनकी चोट को लेकर आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया गया है। श्रेयंका का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि वह गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा मानी जाती हैं। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी। श्रेयंका का पुराना चोट इतिहास भी रहा है और वह पहले भी डब्ल्यूपीएल २०२५ से बाहर रह चुकी हैं। अब उनका अगला मैच खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
