मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी: नाव पर पार्टी

झांकी: नाव पर पार्टी

अजय भट्टाचार्य

कृष्ण कल्पित की कविता ‘कासी’ का अंश है-
बनिया ठाकुर तेली पासी।
सबको रोज बुलाये कासी, इसको उसको भाये कासी।
राम-घाट से असी-घाट तक, सबको भंग पिलाये कासी।
आसमान में उड़नहार को, झट धरती पर लाये कासी
उसी काशी के दशाश्वमेध घाट पर भाजपा पार्षद सत्यनारायण साहनी उर्फ `तन्ना’ की नाव पर `पार्टी’ का अड्डा ही खुल गया। गंगा किनारे बैठकर लोग धर्म-कर्म की बात करते हैं और हमारे इन `वीआईपी’ लोगों ने तो नाव को ही `बार’ बना दिया। नाव पर बाकायदा चूल्हा जलाकर अरुणशिखा (मुर्गा) का मांस पकाया जा रहा था। बीयर और शराब की बोतलें भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही थीं। यह पवित्र वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने तुरंत अपनी कार्रवाई शुरू की और दीपक, अजय, अरुण, अनुराग और राहुल को धर दबोचा। अब ये पांचों मेहमान सरकारी मेहमान बन गए हैं और नाव को भी सीज कर दिया गया है।
निशाने पर मोहर्रम
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के खाईखेड़ा गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान रविवार को पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने का वीडियो वायरल हुआ था। कुछ लोगों ने पुलिस से नारे लगाने वालों के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने जांच के बाद खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि गांव के हेमेंद्र और मुनेश ने दूसरे समुदाय के लोगों को फंसाने के लिए साजिश के तहत एक बच्चे से नारे लगवाकर वीडियो बनवाकर वायरल किया था। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा में मोहर्रम जुलूस के दौरान दो व्यक्तियों ने गलत नीयत से एक बच्चे से आपत्तिजनक नारा लगवाकर उसका वीडियो वायरल कराया। इस केस में एफआईआर लिखकर दोनों आरोपी हेमेंद्र और मुनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। हेमेंद्र पर मुनेश किस दल/संगठन के समर्थक हैं, बताना जरूरी नहीं है।
चंपत ४२०
बैंक ऑफ बड़ौदा की बाराबंकी स्थित फतेहपुर शाखा के खाता नंबर ३८८५०१००००६१११ से चंपत राय चंदा चोर को देय ४२० रुपए का चेक निर्गत हुआ है। भगवान श्रीराम के दानपात्र में हुए दान घोटाले के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भिक्षाटन कर अपना विरोध दर्ज कराया। जनता से ४२० रुपए का प्रतीकात्मक सहयोग एकत्र कर चंपत राय को चेक भेजा गया और भगवान श्रीराम के नाम पर आए दान में हुए घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार