मुख्यपृष्ठनए समाचारफेरीवालों पर पुलिसिया सख्ती के खिलाफ फूटा गुस्सा

फेरीवालों पर पुलिसिया सख्ती के खिलाफ फूटा गुस्सा

-रोजी-रोटी पर संकट, शिवसेना के समर्थन से सैकड़ों हॉकरों का प्रदर्शन

-डीसीपी कार्यालय पर विक्रेताओं का हल्लाबोल

जेदवी / मुंबई

फेरीवालों पर कथित पुलिसिया सख्ती के खिलाफ बुधवार को फेरीवाला संघर्ष समिति के नेतृत्व में सैकड़ों फेरीवालों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-१० कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच हुए इस प्रदर्शन में फेरीवालों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई से हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
फेरीवाला संघर्ष समिति और विभिन्न हॉकर्स संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावड़े को ज्ञापन सौंपकर कहा कि वैध पथ विक्रेताओं के साथ भी अनावश्यक सख्ती की जा रही है। उनका आरोप है कि न्यायालय के निर्देशों के बावजूद फेरीवालों को प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके रोजगार पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। शिवसेना की मुंबई फेरीवाला सेना ने भी आंदोलन को खुला समर्थन दिया। फेरीवाला सेना के अध्यक्ष अशोक देहरे ने एमआईडीसी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष फेरीवालों की समस्याएं उठाते हुए राज्य सरकार को चेतावनी दी कि यदि कथित अत्याचार और उत्पीड़न नहीं रुका तो पूरे मुंबई में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले फेरीवालों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।
फेरीवाला संघर्ष समिति एवं आजाद हॉकर्स यूनियन के अध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि मुंबई उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कई स्थानों पर पुलिस फेरीवालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रही है और उनका उत्पीड़न कर रही है।
उन्होंने मांग की कि वर्षों से रोजगार कर रहे पथ विक्रेताओं के साथ मानवीय और कानूनसम्मत व्यवहार किया जाए।
हालांकि, पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावड़े ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि न्यायालय के निर्देशों और नियमों का पालन करने वाले पथ विक्रेताओं के खिलाफ कोई अनुचित कार्रवाई नहीं की जाएगी और सभी मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस प्रदर्शन में विभिन्न हॉकर्स संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में फेरीवाले शामिल हुए।

अन्य समाचार