-सिर्फ एक सच बोलकर केतन की बचा सकती थी जान
-अभिनेत्री हिना खान ने दी भावुक प्रतिक्रिया
सामना संवाददाता / पुणे
पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। इस मामले पर टेलीविजन अभिनेत्री हिना खान ने भी भावुक प्रतिक्रिया दी है।
हिना खान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यदि सिया शादी नहीं करना चाहती थीं तो वह केवल सच बोलकर केतन की जान बचा सकती थीं। उन्होंने सवाल किया कि किसी निर्दोष व्यक्ति की हत्या करने की आवश्यकता ही क्या थी। हिना ने लिखा, आप उसे छोड़ सकती थीं, केवल एक सच बोलकर उसकी जान बचाई जा सकती थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन पिछले कई महीनों से रिश्ते में थे। परिवार ने सिया की शादी केतन से तय कर दी थी। आरोप है कि दोनों ने केतन को अपने रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, केतन को इससे पहले भी लोणावला के लोहागढ़ किले से धक्का देकर मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह पेड़-पौधों को पकड़कर बच गया था।
३०० फीट गहरी खाई में दिया था धक्का
कथित तौर पर सिया ने तब उसे बताया था कि सांप से बचाने के लिए उसने धक्का दिया था। आखिरकार १८ जून को केतन लगभग ३०० फीट गहरी खाई में गिर गया। शुरुआत में घटना को दुर्घटना माना गया, लेकिन परिवार के संदेह, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के बयानों में विरोधाभास के बाद पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा किया। सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।
